Siwan News : पैक्स सदस्यों का डिजिटल डाटाबेस तैयार करने के काम में सीवान की धीमी रफ्तार पर सहकारिता विभाग ने सख्त रुख अपनाया है. सदस्यों का डाटा उपलब्ध कराने में लापरवाही बरतने वाले प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी और पैक्स प्रबंधकों पर अनुशासनिक कार्रवाई की जायेगी. काम में सुधार नहीं होने पर बीसीईओ, बीएम, एग्जीक्यूटिव असिस्टेंट और सिस्टम इंटीग्रेटर भी कार्रवाई के दायरे में आ सकते हैं.
3.04 लाख सदस्यों का डाटा होना है ऑनलाइन अपलोड
बुधवार को सीवान सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक में हुई समीक्षा बैठक में सारण प्रमंडल के संयुक्त निबंधक सैयद मसरूक आलम ने डाटा अपलोडिंग की धीमी गति पर नाराजगी जतायी. उन्होंने अधिकारियों को अभियान चलाकर काम में तेजी लाने का निर्देश दिया. समीक्षा में सामने आया कि प्रथम चरण में कंप्यूटरीकरण पूरा कर चुके जिले के 139 पैक्स के करीब 3 लाख 4 हजार 739 सदस्यों का डाटा ऑनलाइन अपलोड किया जाना है.
अब तक महज 709 सदस्यों का डाटा मिला
सदस्यों का डाटा अपलोड करने के लिए उनसे जरूरी दस्तावेज और सूचनाएं जुटायी जा रही हैं. लेकिन अब तक महज 709 सदस्यों का डाटा ही प्राप्त हो सका है. करीब 2 लाख 93 हजार 591 सदस्यों की जानकारी अब भी लंबित है. वहीं, नौ पैक्स ऐसे हैं, जहां डीसीटी आंकड़े उपलब्ध कराने का काम शुरू तक नहीं किया गया है.
लापरवाही पर सभी स्तर के कर्मियों पर कार्रवाई की चेतावनी
संयुक्त निबंधक ने सभी संबंधित अधिकारियों और पैक्स प्रबंधकों को आपसी समन्वय से सदस्यों के दस्तावेज जुटाने और डाटा अपलोड करने का निर्देश दिया. उन्होंने डीसीटी में सीवान की स्थिति में व्यापक सुधार लाने को कहा. लापरवाही जारी रहने पर संबंधित सभी स्तर के कर्मियों पर कार्रवाई की चेतावनी दी गयी.
डिजिटल डाटाबेस से सुरक्षित रहेगा सदस्यों का रिकॉर्ड
अधिकारियों के अनुसार, पैक्स सदस्यों का डिजिटल डाटाबेस तैयार होने के बाद सदस्य संबंधी रिकॉर्ड ऑनलाइन उपलब्ध रहेगा. इससे पैक्स के सदस्यों का रिकॉर्ड सुरक्षित रखने और जरूरत के समय आसानी से उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.
केसीसी और गैर कृषि ऋण की वसूली की भी हुई समीक्षा
बैठक में सीवान सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक के अधिकारियों और कर्मियों के साथ किसान क्रेडिट कार्ड यानी केसीसी और गैर कृषि ऋण की वसूली की भी समीक्षा की गयी. अधिकारियों से ऋण वसूली की प्रगति की जानकारी ली गयी और बकाया ऋण की वसूली में तेजी लाने का निर्देश दिया गया.
फसल बीमा योजना की तैयारियों की भी ली जानकारी
रबी मौसम में लागू होने वाली प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना यानी पीएमएफबीवाई को लेकर की जा रही तैयारियों की भी समीक्षा हुई. संबंधित अधिकारियों को समय से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया गया.
खुजवा पैक्स में निर्माणाधीन गोदाम का किया निरीक्षण
समीक्षा बैठक के बाद संयुक्त निबंधक ने रघुनाथपुर प्रखंड के खुजवा पैक्स में अन्न भंडारण योजना के तहत निर्माणाधीन गोदाम का स्थल निरीक्षण किया. यहां 2,000 मीट्रिक टन क्षमता का गोदाम बनाया जा रहा है. निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की गति धीमी मिली.
बाढ़ के पानी से नुकसान की जतायी गयी आशंका
पैक्स अध्यक्ष पन्नालाल ने बताया कि निर्माण कार्य में तेजी नहीं आयी तो बाढ़ का पानी गोदाम परिसर में प्रवेश कर सकता है. इससे निर्माणाधीन गोदाम और वहां रखी सामग्री को नुकसान होने की आशंका है.
निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि नहीं हो सके उपलब्ध
निर्माण एजेंसी मेसर्स आदित्या इंफ्रास्ट्रक्चर से सहायक अभियंता के माध्यम से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन एजेंसी का प्रतिनिधि उपलब्ध नहीं हो सका. संयुक्त निबंधक ने निर्माण कार्य में तेजी लाने और समय पर काम पूरा कराने को लेकर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
समीक्षा बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में जिला सहकारिता पदाधिकारी सह एमडी सौरभ कुमार, सहायक निबंधक सुरेश चौधरी, सहायक अभियंता दिनेश प्रसाद सिंह, मुख्य प्रबंधक रणजीत कुमार सिंह, ऋण पदाधिकारी पंकज चौधरी, मुख्यालय बीसीओ मनीष पाठक और राजेश कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे.
