सीवान: लायंस क्लब वैदेही की ओर से राजवंशी नगर स्थित रॉयल डेफ पब्लिक स्कूल में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए नि:शुल्क स्वास्थ्य एवं त्वचा जांच शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का उद्देश्य बच्चों में त्वचा संबंधी रोगों की समय पर पहचान कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना था.
बच्चों की त्वचा की हुई विस्तृत जांच
शिविर में लायंस क्लब वैदेही की सचिव डॉ. नेहा रानी ने विद्यालय के बच्चों की विस्तृत त्वचा जांच की. जांच के दौरान बच्चों में पाई गई विभिन्न त्वचा संबंधी समस्याओं का परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया. साथ ही विद्यार्थियों और शिक्षकों को त्वचा की नियमित देखभाल, स्वच्छता तथा त्वचा रोगों से बचाव के प्रभावी उपायों की जानकारी भी दी गई.
मूक-बधिर बच्चों के लिए उपयोगी साबित हुआ शिविर
लायंस क्लब वैदेही की अध्यक्ष लायन नाजिया सादाब ने कहा कि मूक-बधिर बच्चों के लिए इस प्रकार का त्वचा जांच शिविर काफी उपयोगी रहा. उन्होंने कहा कि ऐसे बच्चे अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं स्पष्ट रूप से बता नहीं पाते हैं. ऐसे में जांच शिविर के माध्यम से उनकी स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय सेवा उपलब्ध कराई गई.
विद्यालय प्रबंधन के सहयोग की सराहना
कार्यक्रम की सफलता पर लायंस क्लब वैदेही ने रॉयल डेफ पब्लिक स्कूल के प्रबंधन और सभी शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया. क्लब ने कहा कि विद्यालय के सहयोग और समर्पण से ही यह स्वास्थ्य शिविर सफलतापूर्वक आयोजित किया जा सका.
ये लोग रहे मौजूद
शिविर में क्लब की कोषाध्यक्ष मरिया इलियास, नीलांजना त्रिपाठी, सबिता कुमारी, नाज बेगम, विद्यालय के निदेशक अरविंद पाठक, प्राचार्या संगीता कुमारी, अनमोल कुमार और सूरज कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे.
Also Read: बंटी यादव और पंकज राय हत्याकांड में खेसारी लाल यादव की एंट्री, CM सम्राट चौधरी से की यह मांग
