भगवानपुर हाट. थाना क्षेत्र के गजियापुर गांव में मंगलवार को भूमि विवाद को लेकर दो पट्टीदारों के बीच मारपीट हो गयी. घटना में दोनों पक्षों के कुल सात लोग घायल हो गये. मारपीट के बाद गांव में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गयी. घायलों को परिजनों और ग्रामीणों की मदद से भगवानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने सभी का इलाज किया.
घायलों में एक पक्ष के मुन्ना लाल, अभय कुमार, ममता देवी और रेणु देवी शामिल हैं. वहीं, दूसरे पक्ष से दीनबंधु प्रसाद, दिवाकर कुमार और पंकज कुमार उर्फ डिंपल कुमार घायल हुए हैं.
पहले से चल रहा था जमीन को लेकर विवाद
जानकारी के अनुसार दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था. मंगलवार को किसी बात को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गये. पहले कहासुनी हुई और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया. इस दौरान दोनों पक्षों के लोगों को चोटें आयीं.
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराया. ग्रामीणों की पहल पर दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया गया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई.
पुलिस में शिकायत की सूचना नहीं
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन और ग्रामीण सभी घायलों को इलाज के लिए भगवानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गये. चिकित्सकों ने घायलों का उपचार किया. फिलहाल मामले में किसी भी पक्ष की ओर से थाने में शिकायत दर्ज कराने की सूचना नहीं है. पुलिस के अनुसार शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी.
