Siwan News: पवित्र सावन महीना गुरुवार से शुरू हो गया है. सावन के इस पवित्र माह में महाराजगंज अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न प्रखंडों से हजारों श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर पहुंचकर जलाभिषेक करते हैं. इसी क्रम में महाराजगंज प्रखंड के महुआरी गांव स्थित शिव मंदिर परिसर से शुक्रवार को कांवरियों का जत्था बाबा धाम के लिए रवाना हुआ.
रवाना होने से पहले सभी श्रद्धालुओं ने शिव मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और भगवान भोलेनाथ के समक्ष मत्था टेककर परिवार की सुख-समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य एवं समाज में शांति की कामना की. पूजा-अर्चना के बाद पूरा वातावरण ''बोल बम'' और ''हर-हर महादेव'' के जयघोष से भक्तिमय हो गया.
मुखिया ने किया कांवरियों का स्वागत
देवरिया पंचायत के मुखिया आलोक सिंह ने कांवरियों के जत्थे को शुभकामनाओं के साथ रवाना किया. इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं को चाय पिलायी और लड्डू खिलाकर उनका मुंह मीठा कराया. उन्होंने बाबा बैद्यनाथ से सभी कांवरियों की सुरक्षित, सफल एवं मंगलमय यात्रा की प्रार्थना की.
देवघर के बाद बासुकीनाथ और तारापीठ जाएंगे श्रद्धालु
कांवरियों ने बताया कि जत्था सबसे पहले देवघर पहुंचकर बाबा बैद्यनाथ के दरबार में जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना करेगा. इसके बाद बाबा बासुकीनाथ धाम में दर्शन-पूजन किया जाएगा. यात्रा के अगले चरण में श्रद्धालु पश्चिम बंगाल स्थित तारापीठ पहुंचकर माता तारा के दरबार में भी पूजा-अर्चना करेंगे. सभी धार्मिक स्थलों के दर्शन के बाद जत्था वापस लौटेगा.
यात्रा में विवेक महतो, जैश कुमार, मंटू कुमार, मुन्ना कुमार, दीपू कुमार, करण कुशवाहा, बृजेश कुमार समेत कई श्रद्धालु शामिल रहे.
