जय प्रकाश विश्वविद्यालय छपरा ने स्नातक सेमेस्टर-2 सीबीसीएस (2025-29) परीक्षा 2026 का परीक्षा प्रपत्र भरने की तिथि बढ़ा दी है. विश्वविद्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार पूर्व निर्धारित अवधि 27 अगस्त से 8 सितंबर 2026 तक थी, जिसे छात्रहित में विस्तारित किया गया है.
अब संबंधित विद्यार्थी 18 सितंबर 2026 तक परीक्षा प्रपत्र एवं आवश्यक कागजात अपने महाविद्यालय में जमा कर सकेंगे. वहीं महाविद्यालयों को परीक्षा प्रपत्र, समेकित सूची एवं पेन ड्राइव के साथ विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग में कागजात जमा करने की अंतिम तिथि 20 सितंबर 2026 निर्धारित की गयी है.
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ अशोक कुमार मिश्रा की ओर से जारी सूचना में सभी अंगीभूत एवं संबद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्य व प्रभारी प्राचार्य को निर्धारित तिथि के भीतर प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया है. तिथि विस्तार से स्नातक सेमेस्टर-2 के विद्यार्थियों को परीक्षा प्रपत्र भरने के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है.
