Siwan Accident: सीवान-सीसवन मुख्य मार्ग पर इकरा स्कूल के समीप गुरुवार की दोपहर करीब दो बजे टेंपो और फाइटर वाहन की जोरदार टक्कर में दो महिलाओं समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. हादसे के बाद फाइटर वाहन का चालक वाहन लेकर फरार हो गया, जबकि टेंपो चालक भी वाहन छोड़कर मौके से भाग गया. दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल खुर्शीद अंसारी की इलाज के लिए अस्पताल ले जाने के दौरान मौत हो गयी.
हादसे के बाद सड़क पर तड़पता रहा घायल
स्थानीय लोगों के अनुसार, दुर्घटना के बाद खुर्शीद अंसारी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर पड़े रहे. करीब दो घंटे तक उन्हें अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था नहीं हो सकी. लोगों ने एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन काफी देर तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची. इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गयी.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गयी थी. लोग घायल को जल्द अस्पताल पहुंचाने का प्रयास कर रहे थे. पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद भी घायल को अस्पताल भेजने में देरी हुई. इस दौरान खुर्शीद की हालत लगातार बिगड़ती गयी.
माल ढोने वाले वाहन से भेजा अस्पताल
घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रशासन की टीम ने आनन-फानन में माल ढोने वाली गाड़ी की व्यवस्था की और खुर्शीद अंसारी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा. हालांकि, सिसवन ढाला के समीप पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गयी. इसके बाद हादसे की सूचना उनके परिजनों को दी गयी.
मजदूरी कर दो महिलाओं के साथ लौट रहे थे घर
जानकारी के अनुसार खुर्शीद अंसारी सीवान में मजदूरी करते थे. गुरुवार को काम खत्म करने के बाद वह दो महिलाओं के साथ टेंपो से गोपालपुर स्थित अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान इकरा स्कूल के समीप टेंपो की फाइटर वाहन से जोरदार टक्कर हो गयी. हादसे में खुर्शीद अंसारी के अलावा दोनों महिलाएं भी गंभीर रूप से घायल हो गयीं.
दोनों घायल महिलाओं का चल रहा इलाज
दुर्घटना में घायल दोनों महिलाओं को भी इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. उनकी स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आ सकी है. हादसे के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की.
एंबुलेंस की देरी पर लोगों में आक्रोश
घटना की सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी मोहन प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस के देर से पहुंचने पर नाराजगी जतायी. लोगों का कहना है कि सड़क दुर्घटना के बाद शुरुआती समय घायल के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है. ऐसे में समय पर एंबुलेंस और चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने से स्थिति गंभीर हो सकती है.
स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की जांच कराने, हादसे के लिए जिम्मेदार वाहन चालक की पहचान कर कार्रवाई करने तथा सीवान-सीसवन मुख्य मार्ग पर आपात स्थिति में तत्काल एंबुलेंस उपलब्ध कराने की मांग की है. पुलिस दुर्घटना के कारणों और फरार वाहन चालकों की पहचान की जांच में जुटी है.
इसे भी पढ़ें: "हिरासत" के दावों पर मचा बवाल! जानिए पटना BPSC प्रदर्शन में छाए 6 साल के आदित्य की पूरी कहानी
