सीवान: रेल यात्रियों के लिए राहत, गोरखपुर कैंट-उनौला रेलखंड का दोहरीकरण कार्य स्थगित, सभी ट्रेनें फिर सामान्य रूप से चलेंगी

Siwan News: रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है. गोरखपुर कैंट-उनौला रेलखंड पर प्रस्तावित दोहरीकरण कार्य स्थगित होने से सभी ट्रेनों का सामान्य संचालन पूर्ववत बहाल कर दिया गया है. इससे यात्रियों को बड़ी राहत मिली है.

Siwan News: रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है. पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने वाराणसी मंडल के गोरखपुर कैंट-उनौला रेलखंड पर प्रस्तावित पैच दोहरीकरण की कमीशनिंग का कार्य अपरिहार्य कारणों से फिलहाल स्थगित कर दिया है. इसके साथ ही 16 से 21 जुलाई के बीच निरस्त, मार्ग परिवर्तित, शॉर्ट टर्मिनेट, शॉर्ट ओरिजिनेट, पुनर्निर्धारित तथा नियंत्रित की गई सभी ट्रेनों का संचालन पूर्व निर्धारित मार्ग, ठहराव और समय के अनुसार बहाल कर दिया गया है.

16 से 21 जुलाई तक प्रस्तावित था नॉन इंटरलॉकिंग कार्य

रेल प्रशासन के अनुसार गोरखपुर कैंट-पनियहवा रेलखंड पर स्थित गोरखपुर कैंट और उनौला स्टेशनों के बीच पैच दोहरीकरण की कमीशनिंग के लिए 16 से 21 जुलाई तक प्री-नॉन इंटरलॉकिंग एवं नॉन इंटरलॉकिंग कार्य प्रस्तावित था. इसके अलावा 21 जुलाई को रेल संरक्षा आयुक्त द्वारा इस रेलखंड का निरीक्षण भी निर्धारित किया गया था.

कार्य स्थगित होने से ट्रेनों का परिचालन हुआ सामान्य

प्रस्तावित तकनीकी कार्यों के कारण कई ट्रेनों को निरस्त, मार्ग परिवर्तित, शॉर्ट टर्मिनेट, शॉर्ट ओरिजिनेट, पुनर्निर्धारित और नियंत्रित किया गया था. हालांकि अपरिहार्य कारणों से यह कार्य फिलहाल स्थगित कर दिया गया है. इसके बाद रेलवे प्रशासन ने सभी प्रभावित ट्रेनों का परिचालन पहले की तरह सामान्य कर दिया है.

यात्रियों को निर्धारित समय और मार्ग पर मिलेगी सुविधा

रेलवे के निर्णय के बाद अब यात्रियों को अपनी यात्रा के लिए पूर्व निर्धारित मार्ग, ठहराव और समय के अनुसार ट्रेनों की सुविधा मिलेगी. इससे उन यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी, जिन्हें ट्रेनों में किए गए बदलाव के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा था.

यात्रा से पहले ट्रेन की अद्यतन जानकारी लेने की अपील

पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि गोरखपुर कैंट-उनौला रेलखंड पर प्रस्तावित कार्य स्थगित होने के बाद सभी प्रभावित ट्रेनों का परिचालन सामान्य रूप से बहाल कर दिया गया है. उन्होंने यात्रियों से अनुरोध किया है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.

Also Read : पितृपक्ष मेला की तैयारियों को लेकर किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं : नगर आयुक्त




प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Amarnath Sharma

Published by: Vivek Ranjan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >