Siwan News: दरौली थाना क्षेत्र के पीपा पुल तीनमुहानी के समीप पुलिस ने रविवार की देर रात वाहन जांच अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए 80 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की. इस दौरान चार शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया तथा तस्करी में प्रयुक्त चार मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई.
उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं सभी आरोपित
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के उभाव थाना क्षेत्र के पिपरौली असरेपुर गांव निवासी मंजीत कुमार एवं अरविंद कुमार तथा मनियर थाना क्षेत्र के पुरुषोत्तमपुर पट्टी गांव निवासी शिवाजी भारती और मनीष राजभर के रूप में हुई है.
वाहन जांच के दौरान मिली सफलता
थानाध्यक्ष अभिनव कुमार दुबे ने बताया कि गुप्त सूचना और नियमित वाहन जांच अभियान के तहत पीपा पुल तीनमुहानी के समीप वाहनों की जांच की जा रही थी. इसी दौरान संदिग्ध गतिविधि के आधार पर चारों को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उनके कब्जे से 80 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई.
उत्पाद अधिनियम के तहत दर्ज हुई प्राथमिकी
पुलिस ने शराब, चार मोटरसाइकिल जब्त कर चारों आरोपितों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की. आवश्यक पूछताछ के बाद सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
शराब तस्करी के खिलाफ अभियान जारी
पुलिस ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में शराब तस्करी रोकने के लिए वाहन जांच और विशेष छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेगा. अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
