खेत में दौड़ाए गए अवैध करंट की चपेट में आने से वृद्धा की मौत, नीलगाय की भी गई जान

Siwan News : सीवान के बड़हरिया में खेत में अवैध रूप से बिछाए गए करंट से एक वृद्धा की मौत हो गई. फसल बचाने के लिए लगाए गए करंट की चपेट में एक नीलगाय भी आ गई, जिसकी भी जान चली गई. ग्रामीणों में घटना को लेकर आक्रोश है.

Siwan News : सीवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र के ज्ञानी मोड़ के उत्तर स्थित जलपुरवा गांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया. खेत में अवैध रूप से बिछाए गए बिजली के करंट की चपेट में आने से 65 वर्षीय संगीता देवी की मौके पर ही मौत हो गई. मृतका की पहचान जलपुरवा गांव निवासी लक्ष्मण सिंह की पत्नी संगीता देवी के रूप में हुई है.

फसल बचाने के लिए खेत में दौड़ाया जाता था करंट

परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, गांव के ही वीरेंद्र सिंह पर फसलों को नीलगाय से बचाने के लिए खेत के चारों ओर अवैध रूप से नंगे तारों में बिजली का करंट प्रवाहित करने का आरोप है. बताया गया कि वह प्रतिदिन रात में तार लगाता था और सुबह होने से पहले उसे हटा देता था.

सुबह खेत जाने के दौरान हुआ हादसा

ग्रामीणों के मुताबिक, घटना वाले दिन सुबह संगीता देवी खेत की ओर गई थीं. उस समय तार में बिजली का प्रवाह जारी था. अनजाने में वह नंगे तार की चपेट में आ गईं, जिससे करंट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई. इसी दौरान एक नीलगाय भी करंट की चपेट में आ गई, जिससे उसकी भी मौत हो गई.

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलते ही बड़हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सीवान भेज दिया गया.

घटना से ग्रामीणों में आक्रोश

घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है. ग्रामीणों ने अवैध रूप से खेतों में करंट प्रवाहित करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है.

Also Read : डीएम ने किया सारण पुस्तकालय का निरीक्षण, बेहतर संचालन और वित्तीय मजबूती के दिए निर्देश



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Anand Mishra

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >