Siwan News : गुप्त सूचना के आधार पर बुधवार को बड़हरिया प्रखंड में आपूर्ति विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से रखे आठ खाली गैस सिलेंडर जब्त किये. कार्रवाई के दौरान नीरज कुमार गुप्ता, पिता जय प्रकाश गुप्ता, ग्राम पंचायत हरदोबारा, प्रखंड बड़हरिया को गिरफ्तार कर बड़हरिया थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया.
गुप्त सूचना पर दलान में पहुंची संयुक्त टीम
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी बड़हरिया मुन्ना कुमार को नीरज कुमार गुप्ता के दलान में अवैध रूप से गैस सिलेंडर रखे होने की सूचना मिली. इसके बाद प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी और बड़हरिया थाना पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
दलान से मिले इडेन कंपनी के आठ खाली सिलेंडर
जांच के दौरान दलान से इडेन कंपनी के आठ खाली गैस सिलेंडर बरामद किये गये. टीम ने जब्ती सूची तैयार कर सभी सिलेंडरों को विधिवत जब्त कर लिया. बाद में जब्त सिलेंडरों को संबंधित गैस एजेंसी को जिम्मेनामा पर सौंप दिया गया.
निर्धारित कीमत से 200 रुपये अधिक लेने का आरोप
आपूर्ति विभाग के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आरोप सामने आया है कि नीरज कुमार गुप्ता गैस एजेंसी से सिलेंडर लेकर उपभोक्ताओं को निर्धारित कीमत से करीब 200 रुपये अधिक लेकर उपलब्ध कराता था. इसी सूचना के आधार पर उसके खिलाफ कार्रवाई की गयी.
प्राथमिकी दर्ज, मामले की जांच जारी
सिलेंडरों के कथित अवैध कारोबार के आरोप में बड़हरिया थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. विभाग की ओर से मामले की जांच की जा रही है. पुलिस और आपूर्ति विभाग द्वारा यह भी पता लगाया जा रहा है कि सिलेंडरों के कारोबार से जुड़े अन्य पहलुओं में कोई अनियमितता तो नहीं हुई.
अनधिकृत भंडारण और बिक्री पर होगी कार्रवाई
आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडरों का अनधिकृत भंडारण और बिक्री नियमों के विरुद्ध है. ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी. विभाग ने स्पष्ट किया कि गैस सिलेंडरों के अवैध कारोबार पर निगरानी और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
