सीवान: इको क्लब्स फॉर मिशन लाइफ (Mission LiFE) पोर्टल पर नोटिफिकेशन अपलोड करने में लापरवाही बरतने वाले विद्यालयों के खिलाफ शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है. समग्र शिक्षा कार्यालय की समीक्षा में पाया गया कि जिले के 176 विद्यालयों ने अब तक पोर्टल पर नोटिफिकेशन अपलोड की प्रक्रिया पूरी नहीं की है. इसे गंभीर मानते हुए जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (समग्र शिक्षा) सैयद तारिक सज्जाद ने संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों की बैठक 20 जुलाई से बुलाने का निर्णय लिया है.
20 से 25 जुलाई तक होगी बैठक
शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार 20 जुलाई से 25 जुलाई तक प्रतिदिन सुबह 11 बजे बैठक आयोजित की जाएगी. प्रत्येक दिन 30 विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को बुलाया गया है. विद्यालयों को क्रमांक के आधार पर अलग-अलग तिथियों में शामिल किया गया है, ताकि मिशन लाइफ पोर्टल पर लंबित नोटिफिकेशन अपलोड का कार्य जल्द पूरा कराया जा सके.
बैठक में ये दस्तावेज लाना होगा अनिवार्य
विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी प्रधानाध्यापकों को बैठक में निम्नलिखित दस्तावेज अनिवार्य रूप से साथ लाने होंगे.
- निर्धारित प्रारूप में भरा हुआ, हस्ताक्षरित एवं मुहरयुक्त नोटिफिकेशन.
- मिशन लाइफ अभियान के तहत लगाए गए पौधों की जियो टैग्ड तस्वीरें.
- पर्यावरण संरक्षण शपथ ग्रहण कार्यक्रम की जियो टैग्ड फोटो.
- विद्यालय में नामांकित छात्रों का वर्गवार नामांकन विवरण.
बीईओ को भी दिए गए निर्देश
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सैयद तारिक सज्जाद ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों (बीईओ) को इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया है. साथ ही संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया है.
पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों को मिलेगी गति
शिक्षा विभाग का उद्देश्य जिले के सभी विद्यालयों को मिशन लाइफ अभियान से जोड़ते हुए पर्यावरण संरक्षण से संबंधित गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है. विभाग चाहता है कि सभी विद्यालय समय पर पोर्टल पर आवश्यक जानकारी अपलोड करें, ताकि अभियान की प्रगति का सही आकलन किया जा सके.
इसे भी पढ़ें: 3936 करोड़ की लागत से खगड़िया-पूर्णिया हाईवे बनेगा फोरलेन, सिर्फ 2 घंटे में पूरा होगा सफर
