Vijay Prakash Meena: सीवान के नवनियुक्त जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा ने पदभार ग्रहण करने के बाद गुरुवार को बड़हरिया प्रखंड का दौरा किया. प्रखंड परिसर पहुंचने पर सभी विभागों के पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया. इसके बाद डीएम ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर परिचय लिया तथा प्रखंड की प्रशासनिक व्यवस्था, क्षेत्र की स्थिति और स्थानीय समस्याओं पर चर्चा की.
पंचायतों में विकास योजनाओं का लिया जायजा
बैठक के दौरान डीएम ने पंचायतों में विकास कार्यों की स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं को पारदर्शिता के साथ धरातल पर उतारने का निर्देश दिया. डीएम ने कहा कि वे पंचायतों का दौरा कर विकास योजनाओं की वास्तविक स्थिति का भी जायजा लेंगे. उन्होंने पंचायतों में बनने वाले विवाह भवन, पंचायत सरकार भवन और सहयोग शिविर की अद्यतन स्थिति के बारे में भी जानकारी ली.
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों में बेहतर समन्वय पर जोर
डीएम विजय प्रकाश मीणा ने कहा कि प्रखंड स्तर पर पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है. पंचायत प्रतिनिधियों के साथ बैठक का उद्देश्य क्षेत्र की समस्याओं को नजदीक से समझना और उनके समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाना है. उन्होंने जनता और जनप्रतिनिधियों से लगातार संवाद बनाए रखने की आवश्यकता बतायी.
जर्जर तार और झुके पोल दुरुस्त करने का निर्देश
डीएम ने बिजली कंपनी के दोनों जेई को क्षेत्र में झुके हुए बिजली के पोल को सीधा कराने और जर्जर तारों को बदलने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि बिजली से जुड़ी समस्याओं के समाधान में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए.
महावीरी मेले में शांति और सौहार्द पर विशेष जोर
डीएम ने कहा कि वर्तमान में पर्व-त्योहारों का मौसम है और क्षेत्र में महावीरी मेले आयोजित हो रहे हैं तथा आगे भी लगने हैं. ऐसे में प्रशासन की विशेष नजर रहेगी. उन्होंने कहा कि सभी पर्व और मेले शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना सामूहिक जिम्मेदारी है. इसमें पंचायत प्रतिनिधियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है.
डीएम ने लकड़ी महावीरी मेले के लिए दोनों समुदायों की संयुक्त समिति गठित किये जाने पर खुशी जाहिर की. उन्होंने इसे आपसी भाईचारे और सौहार्द की दिशा में सकारात्मक पहल बताया.
वास्तविक हकदारों तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
डीएम ने अधिकारियों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पारदर्शिता के साथ लागू करने का निर्देश दिया, ताकि वास्तविक हकदारों को योजनाओं का लाभ मिल सके. उन्होंने कहा कि बिहार सरकार प्रायोजित सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का उचित क्रियान्वयन और अनुपालन सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है.
पंचायत प्रतिनिधियों और विभिन्न दलों के नेताओं से ली जानकारी
दौरे के दौरान डीएम ने जनता, पंचायत प्रतिनिधियों और विभिन्न दलों के नेताओं से बड़हरिया की समस्याओं एवं विकास की स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच निरंतर संवाद को जरूरी बताया. नवनियुक्त जिलाधिकारी के पहले प्रखंड दौरे को लेकर अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों में उत्साह देखा गया.
ये रहे मौजूद
मौके पर डीडीसी अमिताभ सिंह, एडीएम मनोज कुमार, डीपीआरओ, बीडीओ संदीप कुमार, सीओ मनीष कुमार, बीपीआरओ रचित अग्रवाल, कार्यपालक पदाधिकारी प्रेमशीला, बीईओ राजीव पांडेय, बीएओ बृजकिशोर कुशवाहा, मनरेगा पीओ राजेश सिंह, प्रमुख रहीमा खातून, उपप्रमुख वकील अहमद, जदयू नेता मुर्तजा अली पैगाम, मुखिया संघ के अध्यक्ष पति जीवनारायण यादव, मुखिया रविशंकर यादव उर्फ पप्पू यादव, राजीव कुमार सिंह, मनीर आलम, चंद्रमा राम, बीडीसी सदस्य समीउल्लाह अंसारी, जुनैद रिजवी सहित सभी पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे.
इसे भी पढ़ें:भोजपुर के नए SP अवधेश दीक्षित क्यों हैं चर्चा में? जानिए IPS काम्या मिश्रा से उनकी खास प्रेम कहानी
