Siwan News : शनिवार को शहर में हुए प्रदर्शन और बंद के बाद रविवार को जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया. जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय और पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा ने पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों के साथ शहर के विभिन्न इलाकों का भ्रमण कर विधि-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया. इस दौरान प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण भी किया गया.
सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
भ्रमण के दौरान डीएम और एसपी ने विभिन्न स्थानों पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली. उन्होंने सभी अधिकारियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने तथा किसी भी अप्रिय घटना या अफवाह की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
शांति बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता
अधिकारियों ने कहा कि शहर में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने बताया कि शनिवार को हुए प्रदर्शन के दौरान कुछ स्थानों पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति बनी थी. इसी को देखते हुए रविवार को भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई.
प्रमुख स्थानों पर जारी रही पुलिस गश्ती
प्रशासन की ओर से शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई. इसके साथ ही पूरे शहर में लगातार गश्ती कर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी गई, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना न हो.
लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने आम लोगों और व्यवसायियों से बातचीत कर हालात की जानकारी ली. उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की. प्रशासन के अनुसार शहर की स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में है तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की निगरानी आगे भी जारी रहेगी.
Also Read : 'जल जीवन हरियाली महोत्सव' की शुरुआत, 15 दिनों में 5,000 पौधे लगाने का लक्ष्य
