Siwan News: आगामी ऐतिहासिक महावीरी जुलूस और पारंपरिक मेलों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर स्थानीय प्रशासन ने बेहद सख्त रुख अख्तियार किया है. बड़हरिया प्रखंड सभागार में बीडीओ संदीप कुमार, थानाध्यक्ष छोटन कुमार और सीओ मनीष कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में स्पष्ट किया गया कि आगामी 22 सितंबर को ऐतिहासिक बड़हरिया महावीरी जुलूस, 23 सितंबर को मुख्य मेला व अखाड़ा तथा 24 सितंबर को प्रसिद्ध हरदियां मेला आयोजित होगा.
जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार, सभी छोटे-बड़े मेलों और अखाड़ों में डीजे एवं आर्केस्ट्रा पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. नियमों की अनदेखी या उल्लंघन करने वाले संचालकों और आयोजकों के विरुद्ध गैर-जमानती धाराओं में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
धारदार हथियारों के प्रदर्शन पर रोक, अखाड़ों में तैनात होंगे वालंटियर्स
बैठक में तय हुआ कि जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार के धारदार हथियारों के प्रदर्शन अथवा उपयोग की सख्त मनाही रहेगी. प्रत्येक अखाड़ा समिति को अपनी आंतरिक व्यवस्था संभालने के लिए पर्याप्त संख्या में वालंटियर्स तैनात करने होंगे. इन सभी वालंटियर्स की सूची पूर्व में ही स्थानीय थाने को उपलब्ध करानी होगी, ताकि पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय बना रहे. सांसद प्रतिनिधि बाल्मीकि कुमार अश्विनी के सुझाव पर प्रशासन ने अखाड़े के समय निर्धारण और अनावश्यक ठहराव को रोकने के लिए विशेष कार्ययोजना पर सहमति जताई.
सोशल मीडिया की होगी मॉनिटरिंग, तीसरी आंख से रखी जाएगी नजर
थानाध्यक्ष छोटन कुमार ने कहा कि पूरे जुलूस और अखाड़ा रूट की पेशेवर वीडियोग्राफी कराई जाएगी और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे. इसके साथ ही खानपुर से बड़हरिया मठ, जामो रोड और बरौली रोड में पर्याप्त प्रकाश और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नगर पंचायत द्वारा की जाएगी. असामाजिक तत्वों और अफवाहबाजों पर नकेल कसने के लिए पुलिस की सोशल मीडिया सेल 24 घंटे निगरानी रख रही है. डीजे व आर्केस्ट्रा पर प्रतिबंध को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने के लिए आगामी रविवार को लाइसेंसियों और युवाओं के साथ अलग से बैठक आयोजित की जाएगी.
बैठक में प्रमुख जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी रहे उपस्थित
इस शांति समिति की बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी (EO) प्रेमशीला, अपर थानाध्यक्ष कुंदन कुमार तिवारी, पुलिस इंस्पेक्टर अशोक कुमार के अलावा भाजपा नेता डॉ. अनिल गिरि, सांसद प्रतिनिधि बाल्मीकि कुमार अश्विनी, बीजेपी नेता अनुरंजन मिश्र, रिंकू तिवारी, जदयू नेता मुर्तजा अली पैगाम, सरपंच अरविंद श्रीवास्तव, रहीमुद्दीन खान, प्रेमप्रकाश सोनी, धर्मनाथ सिंह, लियाकत अली, दाउद खान, लक्की बाबू, रमेश कुशवाहा, पप्पू खान, हाजी नूर आलम, मुमताज अंसारी, पैक्स अध्यक्ष संतोष यादव, सताब आलम, राजू यादव, झगरु यादव, रतन भगत और महताब खान सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे.
