सीवान सदर प्रखंड के धनौती पंचायत में गुरुवार को स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में नई शुरुआत हुई . यहां नवस्थापित अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का विधिवत उद्घाटन कर ओपीडी सेवा शुरू कर दी गई . अब धनौती समेत आसपास के पंचायतों के लोगों को सामान्य इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा .
दो चिकित्सकों की हुई तैनाती, महिला डॉक्टर भी शामिल
स्वास्थ्य विभाग ने शुरुआती चरण में स्वास्थ्य केंद्र पर दो चिकित्सकों की तैनाती की है . इनमें एक महिला चिकित्सक भी शामिल हैं . अधिकारियों ने बताया कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य कर्मियों की भी नियुक्ति की गई है .
187 प्रकार की दवाएं और एंबुलेंस की मिलेगी सुविधा
अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को 187 प्रकार की आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी . इसके अलावा आपातकालीन स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी . आने वाले समय में केंद्र पर अन्य स्वास्थ्य सेवाओं का भी विस्तार किया जाएगा .
अतिथियों ने फीता काटकर किया उद्घाटन
स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन मुखिया तिलकी देवी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मिताली कुमारी, वरीय चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मोहम्मद नेसार, थानाध्यक्ष दिनेश कुमार और मुखिया प्रतिनिधि विनय चौहान ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया . उद्घाटन के बाद अतिथियों को अंगवस्त्र और पौधा देकर सम्मानित किया गया .
घर के पास मिलेगा बेहतर इलाज
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके घर के नजदीक बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है . धनौती में स्वास्थ्य केंद्र शुरू होने से पंचायत के साथ-साथ आसपास के कई गांवों के लोगों को भी लाभ मिलेगा . यहां प्राथमिक उपचार, चिकित्सकीय परामर्श और जरूरी दवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी .
चरणबद्ध तरीके से बढ़ाई जाएंगी स्वास्थ्य सेवाएं
उन्होंने बताया कि फिलहाल केंद्र पर नियमित ओपीडी सेवा शुरू कर दी गई है . दो चिकित्सकों के साथ स्वास्थ्य कर्मी भी मरीजों की सेवा में मौजूद रहेंगे . भविष्य में यहां अन्य सुविधाएं जोड़कर स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत किया जाएगा .
मुखिया ने बताया क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि
मुखिया ने कहा कि धनौती में अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की शुरुआत क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी सौगात है . अब ग्रामीणों को छोटी-बड़ी बीमारियों के इलाज के लिए शहर या सदर अस्पताल का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा . इससे समय और पैसे दोनों की बचत होगी .
ग्रामीणों में दिखी खुशी
स्वास्थ्य केंद्र शुरू होने से स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है . ग्रामीणों ने कहा कि अब समय पर इलाज मिल सकेगा और आपात स्थिति में भी परेशानी कम होगी . लोगों ने स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना की .
उद्घाटन समारोह में कई लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में स्वास्थ्य प्रबंधक गुलाम रबानी, बीसीएम अर्चना गिरि, प्रधान सहायक प्रिंस कुमार, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अमन कुमार, आयुष चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. पुनीता कुमारी, एएनएम डेजी कुमारी, एएनएम आरती कुमारी, विनय कुमार, शंभुनाथ, सरपंच देवेंद्र साह, रितेश गुप्ता और राम आयोध्या प्रसाद सहित अन्य लोग मौजूद रहे .
