Kuldevi Sati Mata: कुलदेवी सती माता के पूजनोत्सव की तैयारी में श्रद्धालु भक्ति भाव से जुट गये हैं. तिवारी समुदाय की कुलदेवी की पूजा 19 अगस्त को संपन्न होगी. सती माता का यह मंदिर सारण जिले के मांझी प्रखंड अंतर्गत गंगो पारायण मदनपुरा में स्थित है.
पूजा को लेकर सती माता के स्थान पर साफ-सफाई, सजावट और अन्य तैयारियां की जा रही हैं. श्रद्धालुओं के अनुसार कुलदेवी की पूजा लंबे समय से चली आ रही परंपरा का हिस्सा है. प्रत्येक वर्ष समाज के लोग श्रद्धा और आस्था के साथ इसमें शामिल होते हैं.
पपौर निवासी सेवानिवृत्त मेजर लखन तिवारी ने बताया कि सती माता की पूजा सावन मास के शुक्ल पक्ष की सप्तमी को परंपरागत रूप से की जाती है. सती माता की पूजा और आराधना से परिवार में सुख, शांति एवं समृद्धि बनी रहती है.
उन्होंने तिवारी समाज सहित अन्य लोगों से पूजा में शामिल होकर कुलदेवी का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया है.
