Bihar Rajya Nagrik Parishad: बिहार राज्य नागरिक परिषद के उपाध्यक्ष डॉ. अजय कुमार सिंह के नागरिक अभिनंदन समारोह को लेकर रविवार को सीवान में उत्साह का माहौल रहा. उनके सम्मान में रसूलपुर से सीवान टाउन हॉल तक स्वागत यात्रा निकाली गयी. इसमें बड़ी संख्या में समर्थक, स्थानीय लोग और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए. रास्ते में कई स्थानों पर लोगों ने डॉ. अजय कुमार सिंह का फूल-मालाओं से स्वागत किया.
रविवार की सुबह करीब 10:30 बजे रसूलपुर से स्वागत यात्रा शुरू हुई. काफिला महेंद्रानाथ मंदिर, बगौरा, दरौंदा, पचरुखी और तरवारा मोड़ होते हुए सीवान टाउन हॉल पहुंचा. यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर समर्थकों और स्थानीय लोगों ने डॉ. अजय कुमार सिंह का गर्मजोशी से स्वागत किया. बड़ी संख्या में लोगों के काफिले में शामिल होने से रास्ते में भीड़ का नजारा देखने को मिला.
टाउन हॉल में हुआ नागरिक अभिनंदन समारोह
दोपहर करीब 1:35 बजे सीवान टाउन हॉल में डॉ. अजय कुमार सिंह का नागरिक अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया. समारोह में जिले के कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए. कार्यक्रम के दौरान डॉ. अजय कुमार सिंह का सम्मान किया गया.
समारोह में सांसद विजयलक्ष्मी देवी, जीरादेई विधायक भीष्म कुशवाहा, बड़हरिया विधायक इंद्रदेव सिंह पटेल, महाराजगंज विधायक हेमनारायण शाह, जिला परिषद अध्यक्ष संगीता चौधरी, पूर्व सांसद कविता सिंह, जीरादेई के पूर्व विधायक रमेश कुशवाहा, बिहार राज्य नागरिक परिषद के महासचिव राजीव कुमार सिंह उर्फ बिट्टू सिंह, जेडीयू जिलाध्यक्ष जीशु सिंह, को-ऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, रालोमो जिलाध्यक्ष रिजवान अंसारी, नागेंद्र सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे.
सामाजिक और सार्वजनिक योगदान की हुई चर्चा
नागरिक अभिनंदन समारोह में वक्ताओं ने डॉ. अजय कुमार सिंह के सामाजिक एवं सार्वजनिक जीवन में योगदान की चर्चा की. वक्ताओं ने कहा कि बिहार राज्य नागरिक परिषद के उपाध्यक्ष के रूप में उनकी जिम्मेदारी बढ़ी है और उनसे जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी तरीके से उठाने की उम्मीद है.
समारोह को लेकर समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला. टाउन हॉल परिसर में बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे. स्वागत यात्रा से लेकर अभिनंदन समारोह तक समर्थकों में उत्साह बना रहा.
उपाध्यक्ष बनने पर आयोजित किया गया अभिनंदन
आयोजकों ने बताया कि बिहार राज्य नागरिक परिषद के उपाध्यक्ष बनने के बाद डॉ. अजय कुमार सिंह के सम्मान में नागरिक अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया. इसके लिए रसूलपुर से सीवान टाउन हॉल तक स्वागत यात्रा निकाली गयी, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के लोगों ने भाग लिया. कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं.
