Siwan News : भगवानपुर हाट प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार को उदीयमान भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ भादो महीने में होने वाली चार दिवसीय ललही छठ पूजा संपन्न हो गयी. मंगलवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हुए व्रत के दूसरे दिन बुधवार को व्रतियों ने खरना किया. गुरुवार की शाम अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया गया. शुक्रवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रतियों ने पारण कर पूजा का समापन किया.
घर के आसपास सिरसोप्ता स्थापित कर हुई पूजा
व्रतियों की संख्या कम होने के कारण इस बार अधिकांश लोगों ने छठ घाटों पर जाने के बजाय अपने दरवाजे या घर के आसपास ही सिरसोप्ता स्थापित कर पूजा-अर्चना की. व्रतियों ने विधि-विधान के साथ भगवान सूर्य की पूजा की और अर्घ्य अर्पित किया. वहीं, नदी और तालाब के किनारे सुगम व्यवस्था वाले स्थानों पर व्रती घाटों पर पहुंचे और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया.
विभिन्न गांवों में दिखा पूजा का उत्साह
प्रखंड के भगवानपुर, सारीपट्टी, सोंधानी, सोनवर्षा, रामपुर, महम्मदपुर, बड़कागांव, मोरा, महम्मदा, मिरजुमला, लौवां रामपुर, भीखमपुर सहित विभिन्न गांवों में शुक्रवार की सुबह व्रतियों ने उदीयमान भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया. इस दौरान व्रतियों और उनके परिजनों में काफी उत्साह देखा गया. पूजा को लेकर सुबह से ही घरों और आसपास के पूजा स्थलों पर धार्मिक माहौल बना रहा.
