Siwan News: सीवान–छपरा मुख्य बाइपास सड़क पर जसौली गांव के समीप सोमवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे में हसनपुरा नगर पंचायत निवासी 19 वर्षीय सलमान शेख की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कार में सवार एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और सलमान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
बहन को छोड़कर लौट रहा था सलमान
मृतक की पहचान एमएच नगर थाना क्षेत्र के हसनपुरा निवासी इरफान आलम के 19 वर्षीय पुत्र सलमान शेख के रूप में हुई है. बताया जाता है कि सलमान अपनी बहन डॉ. रजिया सुल्ताना, जो दरौंदा में पदस्थापित हैं, को कार से छोड़ने गया था. बहन को सुरक्षित छोड़ने के बाद वह सीवान लौट रहा था. इसी दौरान पचरुखी बाइपास पर पेट्रोल पंप के समीप उसकी कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई.
पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजा
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा तथा सलमान के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सीवान भेज दिया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
परिवार में मचा कोहराम
सलमान दो भाइयों और तीन बहनों में तीसरे स्थान पर था. उसके पिता इरफान आलम और माता शबनम आरा सीवान में रहकर कारोबार करते हैं. बेटे की असामयिक मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. दादा हज्जन मियां समेत सभी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. इस हृदयविदारक हादसे से पूरे हसनपुरा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है.
दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है. साथ ही घायल युवक का इलाज जारी है और मामले की सभी पहलुओं से पड़ताल की जा रही है.
इसे भी पढ़ें: 3936 करोड़ की लागत से खगड़िया-पूर्णिया हाईवे बनेगा फोरलेन, सिर्फ 2 घंटे में पूरा होगा सफर
