Bihar Road Accident: सिवान-छपरा मुख्य मार्ग पर शनिवार की आधी रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा पचरुखी थाना इलाके के जीओ पेट्रोल पंप के पास हुआ. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया.
मृतकों और घायलों की हुई पहचान
मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के पिपराइच निवासी आर्या कुमारी और वैद्यनाथपुर मठिया निवासी अजय प्रसाद के बेटे सुमित कुमार के रूप में हुई है. घायलों में ऑटो चालक जमीर अहमद सहित गोलू कुमार, संदीप कुमार, बलवंत पांडे, हीरालाल चौधरी, मधु कुमारी, सूरज कुमार और नागेंद्र पांडे की बेटी जानवी पांडे शामिल हैं.
कैसे हुआ हादसा?
बताया जाता है कि गोरखपुर के पिपराइच स्थित “राधे-राधे जागरण एवं झांकी ग्रुप” के सदस्य सारण जिले के एकमा के पास कार्यक्रम कर लौट रहे थे. कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी सदस्य ऑटो से देर रात अपने घर के लिए रवाना हुए. इसी दौरान जीओ पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे खड़े एक ट्रक और विपरीत दिशा से आ रही दूसरी गाड़ी के बीच ऑटो चालक संतुलन खो बैठा, जिससे सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई.
पुलिस घटना की जांच-पड़ताल में जुटी
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता से सभी घायलों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान दो लोगों ने दम तोड़ दिया. गंभीर रूप से घायल गोलू कुमार और संदीप कुमार की स्थिति नाजुक देखते हुए उन्हें पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया गया है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है.
(सिवान से अमर नाथ शर्मा की रिपोर्ट)
