सीवान के बड़हरिया महावीरी मेले में डीजे-आर्केस्ट्रा पर रोक, डीएम-एसपी ने जारी किए निर्देश

बड़हरिया प्रखंड में आगामी महावीरी मेले को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई. प्रशासन ने मेले में आर्केस्ट्रा और डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है. नियम तोड़ने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, विशेषकर नाबालिग बच्चियों के नृत्य के मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की घोषणा की गई है.

बड़हरिया प्रखंड कार्यालय के सभागार में बुधवार को महावीरी मेले को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर बैठक आयोजित की गयी. बैठक में डीएम विजय प्रकाश मीणा और एसपी भारत सोनी ने पंचायत जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं के साथ मेले की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की.

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि महावीरी मेले के दौरान आर्केस्ट्रा और डीजे पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा. नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. डीएम विजय प्रकाश मीणा ने कहा कि अखाड़ों के जुलूस में पारंपरिक तरीके से झांकियां निकाली जाएं. बेहतर झांकी प्रस्तुत करने वाले अखाड़ों को जिला प्रशासन की ओर से सम्मानित किया जाएगा. उन्होंने कहा कि पुरखों के समय से चली आ रही परंपरा के अनुरूप ही अखाड़े निकाले जाएं. ध्वनि व्यवस्था के लिए चोंगा के साथ एक साउंड सिस्टम की अनुमति दी जा सकती है.

नाबालिग बच्चियों के नृत्य पर होगी कानूनी कार्रवाई.

एसपी भारत सोनी ने कहा कि वर्तमान समय डिजिटल युग का है और आर्केस्ट्रा या डीजे के आयोजन की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से प्रशासन तक पहुंच जाती है. उन्होंने आर्केस्ट्रा में नाबालिग बच्चियों के नृत्य को गंभीर मामला बताते हुए कहा कि ऐसे मामलों में पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई हो सकती है. उन्होंने लोगों से इस तरह के गैरकानूनी आयोजनों से दूर रहने की अपील की.

निर्दोष लोगों के नाम मुकदमों से हटाने का आग्रह.

बैठक में मौजूद लोगों ने पिछले वर्षों के मेले के दौरान हुए विवादों में निर्दोष लोगों, युवाओं और विद्यार्थियों के खिलाफ दर्ज मुकदमों से उनके नाम हटाने का आग्रह एसपी से किया. एसपी ने कहा कि संबंधित लोग आवेदन दें. मामलों की जांच के बाद निर्दोष पाए जाने वाले लोगों के नाम हटाने की कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज की जांच कर लोगों को न्याय दिलाने का प्रयास किया जाएगा.

महिलाओं और युवाओं की सुविधा का रखा जाए ध्यान.

डीएम विजय प्रकाश मीणा ने कहा कि मेले के आयोजन में नौजवानों के साथ-साथ बुजुर्गों, युवतियों और महिलाओं की सुविधा एवं अधिकारों का भी ध्यान रखा जाना चाहिए. सभी लोगों को शांतिपूर्ण माहौल में मेला देखने का अधिकार है. उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा निर्धारित नियमों का उल्लंघन गैरकानूनी है और ऐसे आयोजनों से युवाओं में भटकाव पैदा हो सकता है.

बैठक में एसडीपीओ अजय कुमार सिंह, एसडीओ आशुतोष गुप्ता, बीडीओ संदीप कुमार, सीओ मनीष कुमार, थानाध्यक्ष छोटन कुमार, सांसद प्रतिनिधि बाल्मीकि कुमार अश्विनी, भाजपा नेता अनुरंजन मिश्र, मुखिया रविशंकर यादव उर्फ पप्पू यादव, मुन्ना यादव, वीरेंद्र साह, श्रीराम साह, संतोष यादव, संजय रानीपुरी, सरपंच अरविंद श्रीवास्तव, गुड्डू सिंह, भारती, अनुरंजन, मुन्ना सिंह, नंदजी सिंह, सुनील सिंह समेत सैकड़ों जनप्रतिनिधि, गणमान्य लोग और युवा मौजूद थे.

इसे भी पढ़ें: ‘झंडू कुमार’ को कभी नाम पर मिले ताने, मेडल जीते तो हुआ भव्य स्वागत, पीएम मोदी की भी मिली बधाई

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आनंद मिश्र

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >