Bihar Education Project Council: शिक्षक दिवस 2026 के अवसर पर राज्य के शिक्षकों को सम्मानित करने के लिए आयोजित होने वाले कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिले के स्मार्ट क्लास एवं आईसीटी लैब से आच्छादित विद्यालयों तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में किया जायेगा. बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के राज्य परियोजना निदेशक धर्मेंद्र कुमार ने इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारियों एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों (ईई एवं एसएसए) को आवश्यक निर्देश जारी किया है.
स्मार्ट क्लास और आईसीटी लैब में दिखेगा कार्यक्रम
जारी पत्र में कहा गया है कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी शिक्षक दिवस के अवसर पर राज्य के शिक्षकों को सम्मानित किया जाना है. शिक्षा मंत्री, बिहार सरकार के निर्देश के आलोक में सम्मान समारोह के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण स्मार्ट क्लास एवं आईसीटी लैब से आच्छादित विद्यालयों तथा KGBV में दिखाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है.
सभी संबंधित विद्यालयों में करनी होगी व्यवस्था
निर्देश के अनुसार जिले के सभी संबंधित विद्यालयों में लाइव प्रसारण की समुचित व्यवस्था की जायेगी. विद्यालयों को कार्यक्रम के दौरान आवश्यक तैयारी पूरी करने के साथ लाइव प्रसारण सुनिश्चित करना होगा. साथ ही ट्रैकर पोर्टल पर आईसीटी लैब एवं स्मार्ट क्लास में लाइव प्रसारण के दौरान लिये गये फोटो अपलोड करने का भी निर्देश दिया गया है.
उसी दिन शाम पांच बजे तक देनी होगी रिपोर्ट
लाइव प्रसारण से संबंधित गतिविधियों का प्रतिवेदन निर्धारित प्रपत्र में उसी दिन शाम पांच बजे तक बिहार शिक्षा परियोजना परिषद कार्यालय को उपलब्ध कराना होगा. प्रतिवेदन में जिले का नाम, आईसीटी लैब की कुल संख्या, लाइव प्रसारण दिखाये गये आईसीटी लैब की संख्या, स्मार्ट क्लास की कुल संख्या तथा लाइव प्रसारण दिखाये गये स्मार्ट क्लास की संख्या सहित अन्य आवश्यक विवरण दर्ज करना होगा.
बाद में साझा किया जायेगा लाइव प्रसारण का लिंक
परिषद की ओर से बताया गया है कि शिक्षक दिवस कार्यक्रम के सीधे प्रसारण का लिंक अलग से साझा किया जायेगा. अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि सभी संबंधित विद्यालयों में कार्यक्रम का प्रसारण सुनिश्चित कराने के साथ इसकी रिपोर्टिंग भी निर्धारित समय के भीतर पूरी करायी जाये.
विद्यालयों को समय पर पूरी करनी होगी रिपोर्टिंग
शिक्षा विभाग की ओर से जारी निर्देश के बाद संबंधित विद्यालयों को लाइव प्रसारण के साथ फोटो अपलोड और प्रतिवेदन तैयार करने की प्रक्रिया पूरी करनी होगी. विभाग ने कार्यक्रम के आयोजन और रिपोर्टिंग में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया है.
इसे भी पढ़ें: BPSC TRE-4 के फॉर्म पर ब्रेक, छात्रों के आंदोलन के बाद फिर गरमायी सियासत, जानिए अब क्या होगा
