Siwan News: अनुमंडलीय बुनियाद केंद्र में सोमवार को समाज कल्याण विभाग की ओर से मुख्यमंत्री दिव्यांगजन सशक्तिकरण छत्र योजना के तहत नौ दिव्यांगजनों के बीच बैट्री चालित ट्राईसाइकिल का वितरण किया गया. कार्यक्रम में बीडीओ प्रियंका कुमारी की उपस्थिति में सभी लाभुकों को ट्राईसाइकिल उपलब्ध करायी गयी. इसके बाद बीडीओ ने हरी झंडी दिखाकर लाभुकों को रवाना किया.
बैट्री चालित ट्राईसाइकिल मिलने के बाद दिव्यांगजनों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली. लाभुकों ने कहा कि इससे उन्हें आवागमन में काफी सुविधा होगी और रोजमर्रा के कामों के लिए दूसरों पर निर्भरता कम होगी.
आवागमन में मिलेगी सुविधा, बढ़ेगी आत्मनिर्भरता
बीडीओ प्रियंका कुमारी ने कहा कि सरकार की इस पहल का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आवागमन में सुविधा उपलब्ध कराना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है. बैट्री चालित ट्राईसाइकिल मिलने से लाभुक पहले की अपेक्षा अधिक आसानी से अपने जरूरी कार्यों के लिए आ-जा सकेंगे. इससे उनकी दूसरों पर निर्भरता भी कम होगी.
भगवानपुर हाट और महाराजगंज के लाभुक शामिल
ट्राईसाइकिल पाने वालों में भगवानपुर हाट प्रखंड के जनकदेव राम, अजय महतो, संजीत प्रसाद, विशाल कुमार, अशोक मांझी, जयलाल राय और शौकत अली शामिल हैं. वहीं महाराजगंज की शीला कुमारी और बलिंद्र सिंह को भी बैट्री चालित ट्राईसाइकिल दी गयी.
कार्यक्रम में बुनियाद केंद्र के सहायक लेखपाल अतुल कुमार श्रीवास्तव, मंकेश्वर मांझी, प्रदीप शर्मा, श्रीराम कुमार, प्रियत्मा पांडेय, अंशु कुमार और संगीता श्रीवास्तव समेत अन्य कर्मी उपस्थित थे.
