सारण में बीडीओ पर हमले के विरोध में सीवान के बड़हरिया बीडीओ ने बांधी काली पट्टी, सुरक्षा की मांग

सारण में विधि-व्यवस्था ड्यूटी के दौरान दो बीडीओ पर हमले के विरोध में बड़हरिया बीडीओ संदीप कुमार ने लगातार तीसरे दिन काली पट्टी बांधकर काम किया. संघ ने अधिकारियों की सुरक्षा की मांग की.

Siwan News: सारण जिले के छपरा में विधि-व्यवस्था संधारण के दौरान दो बीडीओ पर हुए हमले के विरोध में बड़हरिया के बीडीओ संदीप कुमार ने मंगलवार को लगातार तीसरे दिन बांह पर काली पट्टी बांधकर अपने दायित्वों का निर्वहन किया. बिहार ग्रामीण विकास सेवा संघ के आह्वान पर राज्यभर के बीडीओ काली पट्टी बांधकर विरोध जता रहे हैं.

दो बीडीओ हुए थे गंभीर रूप से घायल

बताया गया कि गत शनिवार को छपरा में विधि-व्यवस्था संधारण के दौरान छपरा सदर की बीडीओ दृष्टि पाठक और रिविलगंज के बीडीओ रितेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए थे. दोनों अधिकारियों का इलाज पटना के आइजीआइएमएस और मेदांता अस्पताल में चल रहा है.

बीडीओ की सुरक्षा के लिए सुरक्षात्मक उपकरण की मांग

बड़हरिया बीडीओ संदीप कुमार ने बताया कि घटना के विरोध में बिहार ग्रामीण विकास सेवा संघ की ओर से मुख्य सचिव को पत्र भेजकर बीडीओ की सुरक्षा सुनिश्चित करने सहित कई मांगें रखी गयी हैं.

संघ ने सभी प्रखंड कार्यालयों में बीडीओ के लिए बॉडी प्रोटेक्टर, रॉयट हेलमेट, लेग गार्ड, कवच और आर्म गार्ड सहित आवश्यक सुरक्षात्मक उपकरण उपलब्ध कराने की मांग की है. इसके साथ ही प्रत्येक बीडीओ के साथ कम से कम दो प्रशिक्षित सुरक्षा कर्मियों की प्रतिनियुक्ति करने की मांग भी की गयी है.

विधि-व्यवस्था ड्यूटी के दौरान सुरक्षा की मांग

संघ ने कहा है कि विधि-व्यवस्था ड्यूटी, कार्यालयीन कार्य, जनसुनवाई, क्षेत्र भ्रमण और अन्य शासकीय दायित्वों के दौरान बीडीओ को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध करायी जाए, ताकि अधिकारी बिना भय के अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें.

घायल अधिकारियों के बेहतर इलाज की भी मांग

इसके अलावा संघ ने ड्यूटी के दौरान गंभीर रूप से घायल होने वाले अधिकारियों के लिए राज्य सरकार की ओर से उच्चस्तरीय अस्पताल में सर्वोत्तम इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है. अधिकारियों की सुरक्षा और इलाज को लेकर ठोस कदम उठाने की मांग को लेकर काली पट्टी बांधकर विरोध जारी है.

इसे भी पढ़ें- बिहार स्टूडेंट्स प्रोटेस्ट: जेल से जल्द बाहर आएंगे छात्र, सरकार के आदेश के बाद जारी हुआ रिलीज ऑर्डर


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आनंद मिश्र

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >