Siwan News: सीवान जिले के बड़हरिया प्रखंड में चेहल्लुम का अखाड़ा मेला मंगलवार को भारी प्रशासनिक व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया. करबला बाजार स्थित करबला में विभिन्न गांवों से पहुंचे अखाड़ों ने पहलाम किया. इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे.
52 गांवों के अखाड़ों ने लिया हिस्सा
चेहल्लुम मेले में मुर्गिया टोला, हबीबपुर, लौवान, छक्काटोला, अटखंभा, रानीपुर, बीवी के बंगरा, सदरपुर, पहाड़पुर, नासिरछपरा, हरपुर, मीराछपरा, तेतहली, सुरहियां, शफीछपरा, महबूब छपरा, कुवहीं, पड़रौना, कुड़वा सहित कुल 52 गांवों के अखाड़े करबला बाजार स्थित करबला पहुंचे.
युवाओं ने दिखाए गदका और पारंपरिक करतब
अखाड़ों में शामिल युवाओं ने लाठी, भाला, तलवार और फरसा के साथ गदका खेल का प्रदर्शन किया. युवाओं ने विभिन्न तरह के पारंपरिक करतब दिखाकर दर्शकों का मनोरंजन किया. मुर्गिया टोला, मीराछपरा और लौवान के अखाड़ा जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए.
सुरक्षा को लेकर प्रशासन रहा अलर्ट
चेहल्लुम मेले को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे. जगह-जगह मजिस्ट्रेटों की प्रतिनियुक्ति की गई थी. बड़हरिया थाना चौक, करबला चौक और पुरानी बाजार सहित प्रमुख स्थानों पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किए गए थे.
इसके अलावा संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे, जिनसे अखाड़ों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी.
अधिकारियों ने लिया जायजा
मेले के दौरान एसडीओ आशुतोष कुमार गुप्ता, एसडीपीओ अजय कुमार सिंह, बीडीओ संदीप कुमार, सीओ मनीष कुमार, थानाध्यक्ष छोटन कुमार और एसआई कुंदन कुमार तिवारी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे.
वहीं राजद नेता प्रो. महमूद हसन अंसारी, सांसद प्रतिनिधि बाल्मीकि कुमार अश्विनी, जदयू नेता अमीरुल्लाह सैफी, जिला पार्षद मीठू बाबू, दाऊद खान, जकरिया खान, मुर्तुजा अली पैगाम, मो. एहतेशामुल हक सिद्दीकी, हसमुद्दीन खान, कफील अहमद, वार्ड पार्षद इरशाद अहमद सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे.
इसे भी पढ़ें: Prashant Kishor: 51 हजार की बढ़त से करारी हार तक, प्रशांत किशोर ने बताया क्यों खिसकी बीजेपी की जमीन
