15 जुलाई को सीवान के 10 नए राजकीय डिग्री कॉलेजों का उद्घाटन, हुसैनगंज में होगा मुख्य समारोह

Siwan News: बिहार सरकार की 'शिक्षा–उज्ज्वल भविष्य' अभियान के तहत सीवान जिले में 10 नए राजकीय डिग्री कॉलेजों का आज, 15 जुलाई को वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन होगा. उद्घाटन के बाद ओरिएंटेशन कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को विस्तृत जानकारी दी जाएगी.

Siwan News: बिहार सरकार की सात निश्चय-3 योजना के तहत "शिक्षा–उज्ज्वल भविष्य" अभियान के अंतर्गत सीवान जिले के 10 नवस्थापित राजकीय डिग्री कॉलेजों का उद्घाटन 15 जुलाई को किया जाएगा. मुख्य समारोह हुसैनगंज स्थित राजकीय डिग्री कॉलेज में आयोजित होगा, जबकि जिले के सभी नए कॉलेजों में एक साथ शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ होगा.

पटना से वर्चुअल माध्यम से होगा उद्घाटन

राज्यस्तरीय कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पटना से वर्चुअल माध्यम से बटन दबाकर करेंगे. उद्घाटन के साथ ही सभी नवस्थापित कॉलेजों में स्नातक सत्र की शुरुआत हो जाएगी. प्रत्येक कॉलेज में पूर्वाह्न 10 बजे ओरिएंटेशन सह सत्रारंभ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा.

हुसैनगंज में होगा मुख्य समारोह

हुसैनगंज स्थित राजकीय डिग्री कॉलेज में आयोजित मुख्य समारोह के मुख्य अतिथि जिले के प्रभारी मंत्री एवं बिहार सरकार के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता होंगे. कार्यक्रम में जिले के प्रभारी सचिव धर्मेंद्र सिंह, सांसद, सभी विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है. वहीं अन्य प्रखंडों के कॉलेजों में स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी शामिल होंगे.

इन 10 प्रखंडों में शुरू होंगे राजकीय डिग्री कॉलेज

15 जुलाई से जिले के आंदर, हुसैनगंज, दरौंदा, सिसवन, नौतन, दरौली, गुठनी, बसंतपुर, भगवानपुर हाट और लकड़ी नबीगंज प्रखंडों में स्थापित राजकीय डिग्री कॉलेजों का संचालन शुरू हो जाएगा.

ओरिएंटेशन कार्यक्रम में मिलेगी उच्च शिक्षा की पूरी जानकारी

उद्घाटन के बाद आयोजित ओरिएंटेशन कार्यक्रम में नव नामांकित छात्र-छात्राओं का स्वागत किया जाएगा. उन्हें महाविद्यालयों में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं, विभिन्न पाठ्यक्रमों, अध्ययन व्यवस्था, क्रेडिट सिस्टम और भविष्य की करियर संभावनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी. जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं, अभिभावकों, शिक्षाविदों और आम नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है.

ग्रामीण छात्रों को मिलेगा बड़ा लाभ

जिला प्रशासन का कहना है कि इन सरकारी डिग्री कॉलेजों के शुरू होने से अब विद्यार्थियों को स्नातक की पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा. स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध होने से ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को विशेष लाभ मिलेगा.

सभी तैयारियां पूरी, मुख्यमंत्री के संबोधन का होगा लाइव प्रसारण

माध्यमिक संभाग के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी कुमार अभिजीत ने बताया कि सभी नवस्थापित राजकीय डिग्री कॉलेजों में उद्घाटन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. भवनों की रंगाई-पुताई का कार्य पहले ही पूरा हो चुका है और आवश्यक उपस्कर स्थापित किए जा रहे हैं. सभी कॉलेजों में एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी, ताकि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का वर्चुअल संबोधन छात्र-छात्राएं और आम लोग लाइव देख सकें.

इसे भी पढ़ें: अनंत सिंह और गुंजन सिंह गोपालगंज कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचे, मिली स्थायी जमानत, जानें पूरा केस



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Manish giri

Published by: Nikhil Anurag

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >