Sitamarhi News: सीतामढ़ी जिले के बैरगनिया स्थित स्थानीय मां काली मंदिर में मंगलवार को एक नए धार्मिक पुस्तकालय का उद्घाटन किया गया. इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पटना महावीर मंदिर के सचिव सह बिहार राज्य धार्मिक न्यास परिषद के सदस्य सायन कुणाल उपस्थित रहे. उन्होंने फीता काटकर पुस्तकालय का विधिवत उद्घाटन किया और समाज को धर्म और संस्कृति से जोड़े रखने का एक सकारात्मक संदेश दिया.
रील की बजाय धार्मिक ग्रंथों का करें अध्ययन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सायन कुणाल ने आज की युवा पीढ़ी को विशेष संदेश दिया. उन्होंने कहा कि मोबाइल पर रील देखने की बजाय बच्चों और युवाओं को धार्मिक ग्रंथों का अध्ययन करना चाहिए. इससे उनके जीवन की दशा और दिशा दोनों बदल सकती है. उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज का युवा दिग्भ्रमित होकर अपने धर्म और संस्कृति से दूर होता जा रहा है, जिसे सही मार्ग पर लाने के लिए ऐसे धार्मिक पुस्तकालयों की बड़ी आवश्यकता है.
अतिक्रमण से मुक्त होगी मठ-मंदिरों की जमीन
मठ-मंदिरों की बेशकीमती जमीन पर हो रहे अवैध कब्जे के गंभीर सवाल पर सायन कुणाल ने स्पष्ट किया कि धार्मिक न्यास परिषद इन्हें अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए पूरी तरह से प्रयत्नशील है. इसके लिए जिला कोर्ट से लेकर हाईकोर्ट तक परिषद के अधिवक्ता काम कर रहे हैं. इसके साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि महावीर मंदिर के तत्वावधान में वर्तमान में कैंसर अस्पताल सहित जनहित के कुल 9 बड़े कार्य सफलतापूर्वक चलाए जा रहे हैं.
मंदिर को पर्यटन स्थल से जोड़ने का आश्वासन
कार्यक्रम में उपस्थित परिषद के सदस्य हिमराज राम ने कहा कि इस पुस्तकालय के शुरू होने से स्थानीय लोगों में जीवन जीने की कला विकसित होगी और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होगा. उन्होंने मां काली मंदिर को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने और इसे पर्यटन से जोड़ने में अपने पूर्ण सहयोग का आश्वासन भी दिया.
प्रो. एमएन राय को किया गया सम्मानित
समारोह के दौरान मंदिर की शुरुआत करने वाले प्रो. एमएन राय को विशेष रूप से सम्मानित किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता रीतेश जायसवाल व जितेंद्र शर्मा ने की, जबकि बशीर अंसारी ने सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापन किया. मौके पर टुन्ना झा ने सुमधुर भजन प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया. इस अवसर पर विहिप के जिला मंत्री रोहित कुमार गुप्ता, रामाशीष राय, संतोष पासवान और उमेशचंद्र जायसवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें... खेत से लौट रहे किसान पर मगरमच्छ का जानलेवा हमला, दर्दनाक मौत से गांव में कोहराम
