Sitamarhi Crime News: सीतामढ़ी जिले के सहियारा थाना क्षेत्र अंतर्गत नरहा जगदर गांव में शराब तस्करों की तेज रफ्तार का शिकार बनी एक महिला की इलाज के दौरान दर्दनाक मौत हो गई. सोमवार की शाम अपने घर के बाहर दरवाजे के समीप सड़क किनारे खड़ी 45 वर्षीया सिमरेखिया देवी (पति सत्यनारायण महतो) को शराब लेकर भाग रहे दो स्कूटी सवार तस्करों ने जोरदार ठोकर मार दी थी. टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि महिला गंभीर रूप से जख्मी होकर सड़क पर गिर पड़ीं. इस घटना के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
Liquor Smuggler Accident: सदर अस्पताल से मुजफ्फरपुर और फिर पीएमसीएच रेफर
हादसे के तुरंत बाद परिजन आनन-फानन में जख्मी सिमरेखिया देवी को इलाज के लिए सदर अस्पताल सीतामढ़ी ले गए. चिकित्सकों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एसकेएमसीएच मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया. वहां भी उनकी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ और गंभीर अंदरूनी चोटों को देखते हुए उन्हें तुरंत पटना स्थित पीएमसीएच रेफर किया गया. पटना में चिकित्सकों की तमाम कोशिशों के बावजूद मंगलवार को इलाज के दौरान पीड़िता ने दम तोड़ दिया. मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई.
एक तस्कर को ग्रामीणों ने दबोचा, दूसरा हुआ फरार
मृतका के पुत्र गौरीशंकर ने बताया कि स्कूटी पर दो युवक सवार थे और वे भारी मात्रा में शराब लेकर जा रहे थे. महिला को टक्कर मारने के बाद स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गई. इस दौरान स्कूटी के पीछे बैठा युवक मौके से तेजी से भाग निकला, जबकि चालक स्कूटी के नीचे दबने के कारण भागने में नाकाम रहा. आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उसे दबोच लिया. पकड़े गए आरोपी की पहचान भवदेवपुर निवासी भाग्य नारायण सहनी के रूप में हुई है, जबकि फरार दूसरे युवक की पहचान राजकुमार सहनी के रूप में की गई है.
41 बोतल नेपाली शराब जब्त, प्राथमिकी दर्ज करने की तैयारी
सहियारा थानाध्यक्ष अर्चना कुमारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की प्रारंभिक सूचना स्थानीय चौकीदार के माध्यम से मिली थी. सूचना पाते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए आरोपी भाग्य नारायण सहनी को हिरासत में लेकर थाने ले आया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी और मौके से 41 बोतल अवैध नेपाली सौंफी शराब को जब्त कर लिया है. मृतका के परिजनों द्वारा दिए जा रहे लिखित आवेदन के आधार पर दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ शराब तस्करी और गैर-इरादतन हत्या की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें... सोनपुर मंडल में रेलवे का मेगा टिकट चेकिंग अभियान, 1888 बेटिकट यात्रियों से 16.54 लाख जुर्माना वसूला
