BUDCO Road Construction: सीतामढ़ी जिला के पुपरी में बुडको विभाग द्वारा एसएच-52 से शंभू प्रसाद के घर तक बन रही पीसीसी सड़क और आरसीसी नाला निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल को लेकर गुरुवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. निर्माण में व्यापक अनियमितता का आरोप लगाते हुए स्थानीय लोगों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया.
मानकों की अनदेखी, लोकल बालू का खेल
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि गुमटी से एसएच-52 तक हो रहे सड़क निर्माण में तय मानकों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं. पीसीसी ढलाई के नीचे जीएसबी की परत में पत्थर डालने के बजाय धड़ल्ले से लोकल बालू का उपयोग किया जा रहा है. ग्रामीणों ने आशंका जताई कि प्राक्कलन के अनुसार काम न होने से यह सड़क कुछ ही दिनों में टूट जाएगी और सरकारी पैसे की बर्बादी होगी.
नगर परिषद पदाधिकारी ने मौके पर पहुंचकर रुकवाया काम
मामले की शिकायत मिलते ही नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी केशव गोयल तुरंत मौके पर पहुंचे. उन्होंने निर्माण कार्य की स्थिति का जायजा लिया और संवेदक (ठेकेदार) को कड़ी फटकार लगाई. ईओ ने संवेदक से प्राक्कलन (एस्टिमेट) की प्रति मांगते हुए ढलाई और निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से बंद करवा दिया.
अतिक्रमण हटने के बाद ही बनेगा आरसीसी नाला
नप पदाधिकारी ने संवेदक को सख्त हिदायत दी कि पहले जीएसबी की परत में नियमानुसार पत्थर डाला जाए, उसके बाद ही एस्टिमेट के तहत ढलाई शुरू होगी. इसके साथ ही उन्होंने आरसीसी नाला निर्माण को भी रोकते हुए कहा कि पहले सड़क और नाला क्षेत्र से अतिक्रमण हटाया जाएगा, जिसके बाद ही नाला निर्माण शुरू होगा. अधिकारी के इस कड़े रुख से ग्रामीणों में संतोष है.
