Sitamarhi News: पुपरी में एनएच-527सी पर बने रेलवे ओवरब्रिज पर रील बनाने के दौरान की जा रही स्टंटबाजी एक बार फिर जानलेवा साबित हुई. तेज रफ्तार बाइक से खतरनाक स्टंट कर रहे दो युवकों ने नियंत्रण खो दिया और सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी. हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि स्टंट कर रहे दोनों युवकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया.
स्टंट करते समय दूसरी बाइक से हुई भिड़ंत
जानकारी के अनुसार नानपुर निवासी संजय राम के पुत्र हरिशंकर कुमार और श्याम राम के पुत्र सूरज कुमार टीवीएस बाइक से रेलवे ओवरब्रिज पर स्टंट करते हुए रील बना रहे थे. इसी दौरान बाइक अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रही स्प्लेंडर बाइक में जोरदार टक्कर मार दी.
हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल
टक्कर इतनी तेज थी कि स्प्लेंडर बाइक पर सवार भहमा गांव निवासी लखिंद्र महतो के पुत्र प्रभु कुमार और मिथिलेश पंडित के पुत्र चंदन कुमार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. चिकित्सकों के अनुसार चंदन कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है.
पुलिस ने स्टंटबाज युवकों को लिया हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्टंट कर रहे दोनों युवकों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया. साथ ही दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को भी जब्त कर लिया गया. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
प्रशासन ने युवाओं से की अपील
पुपरी का नया रेलवे ओवरब्रिज अब लोगों की सुविधा के साथ-साथ स्टंटबाजों और रील बनाने वालों का अड्डा बनता जा रहा है. एसडीओ गौरव कुमार और एएसपी सह एसडीपीओ सुनीता कुमारी के नेतृत्व में लगातार अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन स्टंटबाजी की घटनाएं थम नहीं रही हैं. प्रशासन ने युवाओं और अभिभावकों से अपील की है कि सड़क पर स्टंट कर अपनी और दूसरों की जान खतरे में न डालें.
यह भी पढ़ें: सीतामढ़ी: कैंसर और बीपी-शुगर जैसी बीमारियों की पहचान के लिए चलेगा विशेष जांच अभियान
