सीतामढ़ी से राहुल गौतम की रिपोर्ट
Sitamarhi News: सीतामढ़ी जिले के सहियारा थाना क्षेत्र अंतर्गत हनुमाननगर गांव में रील वीडियो बनाने के विवाद को लेकर हुई महिला की हत्या का पुलिस ने महज 16 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी शिकंदर महतो समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार किए गए आरोपियों में शिकंदर महतो और प्रभास कुमार शामिल हैं.
एसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम ने सुलझाई गुत्थी
मामले का खुलासा करते हुए सदर डीएसपी राजीव कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि रविवार की देर रात हनुमाननगर गांव की रहने वाली मनतोरिया देवी की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. इस वारदात के बाद एसपी अमित रंजन के निर्देश पर एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था. टीम ने वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई शुरू की और घटना की पूरी कड़ियों को जोड़ लिया.
पत्नी के साथ रील बनाने से नाराज था आरोपी, रची खूनी साजिश
पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि मृतका मनतोरिया देवी का पुत्र सतेंद्र महतो, भुतही निवासी मुख्य आरोपी शिकंदर महतो की पत्नी के साथ सोशल मीडिया पर रील वीडियो बनाता था. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से गंभीर विवाद चल रहा था. शिकंदर महतो अपनी पत्नी और सतेंद्र को रील बनाने से लगातार मना करता था, लेकिन दोनों के न मानने पर वह बेहद नाराज चल रहा था. इसी रंजिश का बदला लेने के लिए शिकंदर महतो ने अपने साथियों के साथ मिलकर सतेंद्र की मां मनतोरिया देवी की हत्या की खूनी साजिश रची और घटना को अंजाम दे दिया.
मुख्य आरोपी का रहा है पुराना आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार मुख्य आरोपी शिकंदर महतो एक शातिर अपराधी है और उसका पुराना आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ पहले से भी कई गंभीर मामले दर्ज हैं. वह करीब पांच साल तक जेल की सजा काटने के बाद हाल ही में जमानत पर बाहर आया था. पुलिस अब गिरफ्तार दोनों आरोपियों से सघन पूछताछ कर रही है और इस हत्याकांड में शामिल अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
