सीतामढ़ी से चंद्रमोहन झा की रिपोर्ट
Sitamarhi News: सीतामढ़ी जिले के रीगा थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. यहाँ रमनगरा कमलदह चौक के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) पर एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. टक्कर मारने के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से गाड़ी लेकर फरार हो गया.
तांत्रिक के यहा जा रहा था पूरा परिवार, रास्ते में मिला काल
जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब एक ही परिवार के दस लोग ई-रिक्शा पर सवार होकर किसी तांत्रिक (ओझा) के यहाँ जा रहे थे. जैसे ही उनका ई-रिक्शा रमनगरा कमलदह चौक के पास पहुंचा, तभी विपरीत दिशा से आ रहे एक अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने उन्हें रौंद दिया. हादसे में सहियारा थाना क्षेत्र के शीतलपट्टी गांव निवासी उपेंद्र राम की पत्नी माया देवी (मृतका) की घटनास्थल पर ही थमी सांसें थम गईं.
घायलों को सदर अस्पताल में कराया गया भर्ती
इस सड़क दुर्घटना में ई-रिक्शा पर सवार रागनी कुमारी, गणेशी राम, नीलम देवी, कौशल्या देवी, जिलेविया, संजय साह, कांती देवी, निर्मला और सीता देवी गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना की सूचना मिलते ही बथनाहा थाना पुलिस तुरंत दल-बल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए तुरंत सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां फिलहाल उनका उपचार जारी है. पुलिस ने क्षतिग्रस्त ई-रिक्शा को भी जब्त कर लिया है.
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज, परिजनों में कोहराम
पुलिस ने मृतका माया देवी के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है. इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. रीगा की प्रभारी थानाध्यक्ष रिया ने बताया कि फिलहाल सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. इस मामले में अभी तक परिजनों की तरफ से कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है. पुलिस फरार अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की गिरफ्तारी के लिए राजमार्ग के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने में जुटी है.
