Sitamarhi Nagar Nigam: सीतामढ़ी शहर के विकास को नई दिशा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है. बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग की ओर से विश्व बैंक समर्थित बिहार अर्बन ट्रांसफॉर्मेशन प्रोग्राम के तहत आयोजित कार्यशाला में सीतामढ़ी नगर निगम की टीम ने भाग लिया. इस पहल से शहर में चल रही और प्रस्तावित विकास योजनाओं को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.
नगर निगम के अधिकारी की मौजूदगी
नगर विकास एवं आवास विभाग के निर्देश पर 23 और 24 जून 2026 को पटना स्थित अधिवेशन भवन में विशेष कार्यशालाओं का आयोजन किया गया. इसमें राज्य के विभिन्न नगर निकायों के प्रतिनिधियों के साथ सीतामढ़ी नगर निगम के अधिकारी और तकनीकी विशेषज्ञ भी शामिल हुए.
वित्तीय प्रबंधन और शहरी सेवाओं पर हुआ मंथन
नगर निगम के टाउन प्लानर राहुल कुमार ने बताया कि 23 जून को आयोजित कार्यशाला में वित्तीय प्रबंधन, नगर निकायों की कार्यक्षमता बढ़ाने, संसाधनों के बेहतर उपयोग और शहरी सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई.
कार्यशाला में विशेषज्ञों ने नगर निकायों को वित्तीय रूप से मजबूत बनाने और नागरिक सुविधाओं के बेहतर संचालन के लिए आधुनिक तरीकों की जानकारी दी.
यह भी पढ़ें: Darbhanga Muharram: मुहर्रम जुलूस में युवाओं ने दिखाया अद्भुत करतब, लाठी-डंडे के प्रदर्शन ने जीता लोगों का दिल
मास्टर प्लान और भविष्य की जरूरतों पर फोकस
24 जून को आयोजित दूसरे सत्र में नगर नियोजन, मास्टर प्लान, आधारभूत संरचना विकास और भविष्य की शहरी आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर योजनाएं तैयार करने पर विशेष चर्चा हुई.
विशेषज्ञों ने तेजी से बढ़ते शहरीकरण को देखते हुए दीर्घकालिक विकास योजनाओं की आवश्यकता पर बल दिया. साथ ही शहरों को व्यवस्थित और टिकाऊ तरीके से विकसित करने के उपाय भी बताए गए.
कई योजनाओं को मिल सकती है गति
विशेषज्ञों का मानना है कि विश्व बैंक के सहयोग से संचालित इस कार्यक्रम का लाभ सीतामढ़ी को भी मिलेगा. इससे सड़क निर्माण, जलनिकासी व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, शहरी परिवहन, आवास और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास को नई गति मिल सकती है.
इसके अलावा नगर निगम के अधिकारियों को आधुनिक शहरी प्रबंधन और योजना निर्माण की नई तकनीकों की जानकारी मिलने से विकास कार्यों के क्रियान्वयन में भी सुधार आने की संभावना है.
यह भी पढ़ें: शादी का वादा, नौकरी का लालच… यौन शोषण की ऐसी कहानी जिसे सुनकर रह जाएंगे दंग
शहरवासियों को मिलेगा सीधा लाभ
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि इस कार्यक्रम से प्राप्त अनुभव और सुझावों का उपयोग शहर की विकास योजनाओं में किया जाएगा. इससे सीतामढ़ी को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित करने और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी.
शहरवासियों के लिए यह पहल इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि इससे स्मार्ट और व्यवस्थित शहरी विकास की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकेंगे.
यह भी पढ़ें: Muzaffarpur Shop Fire: चांदनी चौक पर कबाड़ की दुकान में भीषण आग, दमकल की कई गाड़ियां मौके पर
सीतामढ़ी से रतिकांत झा की रिपोर्ट
