सड़क टूटी, नाला अधूरा... हल्की बारिश में ठप हो रहा आवागमन, लोगों का फूटा गुस्सा

पुपरी नगर परिषद क्षेत्र में बन रही आरसीसी नाला सह पीसीसी सड़क परियोजना शुरू से ही विवादों में है. अधूरे निर्माण के कारण हल्की बारिश में भी आवागमन बाधित हो रहा है. स्थानीय लोगों ने निर्माण में देरी और अनियमितताओं पर नाराजगी जताई है.

Pupri News: पुपरी नगर परिषद क्षेत्र में गुमटी संख्या 36 से एसएच-52 तक बन रही आरसीसी नाला सह पीसीसी सड़क परियोजना शुरू होते ही विवादों में घिर गई है. निर्माण कार्य में देरी और कथित अनियमितताओं को लेकर स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी जताई है. आरोप है कि अधूरे निर्माण के कारण हल्की बारिश में भी सड़क पर आवागमन मुश्किल हो गया है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द काम पूरा नहीं हुआ तो श्रावणी मेले के दौरान स्थिति और गंभीर हो सकती है.

नाला निर्माण को लेकर लगाए गंभीर आरोप

स्थानीय निवासी हृषिकेश कुमार चौधरी, उमाशंकर ठाकुर और सुधीर कुमार समेत अन्य लोगों का आरोप है कि नाले का निर्माण पहले से बनी सड़क की सतह से करीब डेढ़ फीट नीचे किया जा रहा है.

उनका यह भी कहना है कि पुरानी पीसीसी सड़क को तोड़कर डेढ़ से दो फीट तक खुदाई की गई और निकली मिट्टी को ट्रैक्टरों से बाहर ले जाकर बेच दिया गया. इससे सड़क पहले से अधिक जर्जर हो गई है.

पहले से जलजमाव, अब बढ़ी परेशानी

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह सड़क पहले ही रेलवे लाइन और सीतामढ़ी-पुपरी एसएच-52 से नीचे स्थित है. जलजमाव और रैक प्वाइंट से गिट्टी स्टोरेज तक ट्रैक्टरों की लगातार आवाजाही के कारण सड़क पहले से ही क्षतिग्रस्त थी.

अब निर्माण कार्य के चलते हालात और खराब हो गए हैं. हल्की बारिश में भी चारपहिया वाहनों के साथ पैदल और दोपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

बोर्ड बैठक में भी उठा था मुद्दा

बताया गया कि 14 जुलाई को नगर परिषद जनकपुर रोड की सामान्य बोर्ड बैठक में संबंधित वार्ड पार्षदों ने निर्माण कार्य में देरी और कथित अनियमितता का मुद्दा उठाया था.

बैठक के दौरान बुडको के सहायक अभियंता ने विधायक प्रो. नागेंद्र राउत को 29 जुलाई तक सड़क निर्माण पूरा कराने का आश्वासन दिया था. हालांकि तय समय बीतने के बाद भी कई हिस्सों में केवल नाले की खुदाई ही हो सकी है.

श्रावणी मेले से पहले बढ़ी चिंता

सावन की सोमवारी के दौरान इस मार्ग से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आवागमन होता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते स्थायी समाधान नहीं किया गया तो श्रावणी मेले के दौरान यातायात व्यवस्था बड़ी चुनौती बन सकती है.

बुडको ने 15 दिनों में काम पूरा करने का दिया भरोसा

इस मामले में बुडको के सहायक अभियंता जितेंद्र कुमार ने बताया कि रेलवे की ओर से उन्हें 25 जुलाई को कार्यादेश मिला था. 26 जुलाई को बारिश होने के कारण काम प्रभावित हुआ, जबकि 27 जुलाई से नाला निर्माण शुरू कर दिया गया.

उन्होंने कहा कि अगले 15 दिनों के भीतर नाला और सड़क निर्माण का पूरा कार्य पूरा कर लिया जाएगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Baidnath thakur

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >