Bihar Liquor Smuggling: सीतामढ़ी जिले के परिहार थाना क्षेत्र में शराब तस्करों ने सोमवार की रात परिहार-कुम्मा मुख्य मार्ग पर नोनाही गांव के समीप शराब से लदी एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे खड़े तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े. इस हादसे के बाद इलाके में भारी चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई.
Child Death Road Accident: इलाज के दौरान सात वर्षीय मासूम ने तोड़ा दम
हादसे में घायल लोगों की पहचान नोनाही गांव निवासी जगन साफी के 25 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार, रौदी पंडित के पुत्र मदन पंडित और नागेंद्र मांझी के सात वर्षीय पुत्र निकिल कुमार के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची परिहार पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परिहार पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए तीनों को बेहतर इलाज के लिए मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया गया. मुजफ्फरपुर में इलाज के दौरान मासूम निकिल कुमार ने दम तोड़ दिया.
कार छोड़कर भागे तस्कर, भारी मात्रा में शराब जब्त
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार में शराब की एक बड़ी खेप नेपाल से सीतामढ़ी की ओर लाई जा रही थी. नोनाही गांव के पास मोड़ पर चालक ने नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे खड़े लोगों को रौंदने के बाद कार आगे जाकर पलट गई. दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद अंधेरे और अफरा-तफरी का लाभ उठाकर चालक समेत कार में सवार सभी तस्कर मौके से फरार हो गए. पुलिस ने जब दुर्घटनाग्रस्त कार की तलाशी ली, तो उसके भीतर से आधा दर्जन से अधिक बोरी विदेशी शराब बरामद हुई.
आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम, पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की खबर फैलते ही स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा भड़क गया. आक्रोशित ग्रामीणों ने घटनास्थल पर विरोध प्रदर्शन करते हुए परिहार-कुम्मा मार्ग को जाम कर दिया, जिससे वाहनों का आवागमन बाधित हो गया. मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष पंकज कुमार यादव ने पुलिस बल के साथ उग्र लोगों को शांत कराया और उचित कानूनी कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया. थानाध्यक्ष ने बताया कि शराब लदी कार को जब्त कर लिया गया है तथा फरार तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
यह भी पढ़ें... मौसेरे भाई के साथ मिल रची सौतेले भाई की हत्या की साजिश, लोडेड पिस्टल के साथ दोनों गिरफ्तार
