Suppi Murder Arrest: सुप्पी थाना पुलिस ने घरवारा गांव में हुई नवविवाहिता मधु कुमारी की दहेज हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की पहचान अवधेश कुमार झा के पुत्र चंदन कुमार झा के रूप में हुई है. थानाध्यक्ष आशीष कुमार ठाकुर ने चंदन की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि की है.
ससुराल वालों पर लगा था दहेज हत्या का आरोप
थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर चंदन कुमार झा को घरवारा गांव से ही दबोचा है. आवश्यक कानूनी कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गुरुवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
मामले में अब तक हुई पुलिस कार्रवाई:
- ससुर पहले ही गिरफ्तार: इस हत्याकांड के नामजद आरोपी ससुर अवधेश झा को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है.
- पति गिरफ्तार: मुख्य आरोपी पति चंदन झा को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.
- फरार आरोपियों की तलाश: मृतका की सास और देवर अभी पुलिस पकड़ से बाहर हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
मां ने दर्ज कराई थी दहेज प्रताड़ना व हत्या की प्राथमिकी
उल्लेखनीय है कि मृतका की मां, गाढ़ा थाना क्षेत्र के मानिकचौक निवासी आरती देवी ने सुप्पी थाने में लिखित आवेदन दिया था. इसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि दहेज की खातिर उनकी बेटी मधु कुमारी की ससुराल वालों ने प्रताड़ित कर हत्या कर दी है.
ये भी पढ़ें: सीतामढ़ी: कला-संगम में गूंजीं सावन की अनुभूतियां, 13 मेधावी बच्चों को मिला सम्मान
