Satellite Sitapuram project protest: सीतामढ़ी सैटेलाइट सीतापुरम प्रोजेक्ट को वापस लेने की मांग को लेकर किसानों और मजदूरों का विरोध तेज हो गया है. 9 अगस्त को पुनौरा में भूमि बचाओ संघर्ष समिति के तत्वावधान में आयोजित होने वाली किसान महापंचायत की सफलता के लिए रीगा प्रखंड के अन्हारी गांव में एक महत्वपूर्ण बैठक और प्रदर्शन का आयोजन किया गया. इस बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख लक्ष्मी प्रसाद यादव ने की.
9 अगस्त की महापंचायत में जुटेंगे हजारों किसान
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 9 अगस्त को पुनौरा मिडल स्कूल प्रांगण में होने वाली किसान महापंचायत में अन्हारी और आसपास के तमाम गांवों से बड़ी संख्या में किसान-मजदूर भाग लेंगे. प्रखंड प्रमुख ने सैटेलाइट सीतापुरम प्रोजेक्ट में शामिल रीगा प्रखंड के सभी 17 राजस्व गांवों के किसानों से एकजुट होकर भारी संख्या में पुनौरा पहुंचने का पुरजोर आह्वान किया.
मुख्यमंत्री से लैंड पूलिंग और प्रोजेक्ट वापस लेने की मांग
बैठक में पारित प्रस्ताव के जरिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मांग की गई कि वह अपनी सीतामढ़ी यात्रा के दौरान किसानों के हित में बड़ा फैसला लें. किसानों ने मांग की कि उनका जीवन और आजीविका बचाने के लिए 45% लैंड पूलिंग तथा लैंड लॉक की बाध्यता को समाप्त किया जाए और सैटेलाइट सीतापुरम प्रोजेक्ट को पूरी तरह वापस लिया जाए. किसानों ने चेतावनी दी कि यदि प्रोजेक्ट वापस नहीं लिया गया तो वे अपनी पुश्तैनी जमीन और रोजी-रोजगार बचाने के लिए बड़े जन-आंदोलन का ऐलान करेंगे.
बैठक में कई गणमान्य और ग्रामीण रहे मौजूद
इस दौरान किसान-मजदूरों ने जमकर नारेबाजी की और अपनी मांगों को बुलंद किया. बैठक में भूमि बचाओ संघर्ष समिति के संरक्षक बैद्यनाथ हाथी, प्रो. आनंद किशोर, योगेंद्र प्रसाद यादव, नवीन कुमार सिंह, अवधेश यादव, जितेंद्र हाथी, अनवर हुसैन, नवल किशोर राय, नागेंद्र महतो, रघुनाथ ठाकुर, रघुनाथ महतो, राम संजीवन सिंह और रामविवेक सिंह समेत बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें... मौसम अलर्ट: उत्तर बिहार में 3 दिनों तक भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट
