Sitamarhi News: डिप्टी डेवलपमेंट कमिश्नर (डीडीसी) श्वेता भारती ने शनिवार को पुनौरा धाम मंदिर परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण एवं समग्र विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की. निरीक्षण के बाद मंदिर परिसर स्थित सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें निर्माण एजेंसी ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन (पीपीटी) के माध्यम से परियोजना की अद्यतन स्थिति प्रस्तुत की.
निर्माण कार्यों की प्रगति की हुई समीक्षा
बैठक में मानव संसाधन, मशीनरी, निर्माण सामग्री, अस्थायी कार्यों और सड़क नेटवर्क की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई. इसके साथ ही 1 सितंबर से 30 नवंबर 2026 तक तीन माह की कार्ययोजना और लक्ष्य भी निर्धारित किए गए.
गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष जोर
डीडीसी श्वेता भारती ने निर्देश दिया कि मंदिर निर्माण और परिसर विकास से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं. उन्होंने कहा कि पुनौरा धाम विकास परियोजना राज्य सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं में शामिल है, इसलिए इसकी नियमित निगरानी आवश्यक है.
विभागों के बीच बेहतर समन्वय के निर्देश
डीडीसी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर सभी प्रक्रियाओं का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए.
बैठक में जिलास्तरीय पदाधिकारी, अभियंता तथा निर्माण एजेंसी अहलूवालिया कॉन्ट्रैक्ट्स इंडिया लिमिटेड के प्रतिनिधि उपस्थित रहे.
