Sitamarhi News: पीरामल फाउंडेशन और शिक्षा विभाग के संयुक्त प्रयास से शनिवार को प्रखंडस्तरीय सभी माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी रामजी प्रसाद ने की.
बैठक में विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई.
ड्रॉपआउट बच्चों को स्कूल से जोड़ने पर जोर
बैठक का मुख्य उद्देश्य ड्रॉपआउट बच्चों की संख्या कम करना और शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना था.
प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने विद्यालयों में ऐसे बच्चों की पहचान कर उन्हें दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए आवश्यक कदम उठाएं.
छात्रवृत्ति योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश
बैठक में प्री-मैट्रिक और पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ पात्र विद्यार्थियों तक समय पर पहुंचाने पर भी विशेष जोर दिया गया.
प्रधानाध्यापकों से कहा गया कि वे विद्यालय स्तर पर योजनाओं की नियमित समीक्षा करें और निर्धारित लक्ष्य को तय समय सीमा के भीतर पूरा करें.
दैनिक समीक्षा कर समय पर पूरा करें लक्ष्य
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी रामजी प्रसाद ने विद्यालयों को दैनिक प्रगति की समीक्षा करने और सभी शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया.
बैठक में पीरामल फाउंडेशन के सीनियर प्रोग्राम लीडर अभिषेक राज सहित प्रखंड के सभी माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापक उपस्थित रहे.
