सीतामढ़ी : बाजपट्टी प्रखंड के वनगांव स्थित भगवान बोधायन के मंदिर परिसर में पूरे दिन भर भक्तिमय माहौल बना रहा. एक ओर अष्टयाम हो रहा था तो दूसरी ओर बड़ी संख्या में महिला व पुरुष मंदिर, तालाब व बोधायन वट वृक्ष की परिक्रमा कर रहे थे. मंदिर के एक छोर पर हवन किया जा रहा था. मौका था भगवान बोधायन के जन्मदिन का.
जन्मदिन पर कार्यक्रमों का समापन
बोधायन के जन्मदिन को ले वनगांव में उत्सव जैसा माहौल दिखा. चार जनवरी से ही मंदिर परिसर में कार्यक्रमों का आयोजन किया गया था. बुधवार को परिक्रमा, पूजा, अष्टयाम व हवन के साथ जन्मदिन का कार्यक्रम समाप्त हुआ.
अंतिम दिन बड़ी संख्या में महिला व पुरुष पहुंचे थे. महिला-पुरुष व बच्चे स्नान कर हवन व परिक्रमा में शामिल होने के लिए सुबह से ही मंदिर परिसर में पहुंचने लगे थे. भगवान बोधायन के जयघोष से मंदिर परिसर ही नहीं, बल्कि पूरा वनगांव गूंज रहा था. इससे पूर्व मंगलवार को भगवान बोधायन पर शोध कर चुके सीएम कॉलेज के हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. कृष्ण चंद्र झा मयंक ने प्रवचन के दौरान लोगों को भगवान बोधायन के कृतित्व व व्यक्तित्व से अवगत कराया. श्री झा ने बोधायन के बारे में लोगों को कुछ ऐसी बातों की जानकारी दी जो अब तक धर्म शास्त्रों तक ही सिमटी थी.
सांसद व विधायक का सम्मान
सांसद रामकुमार शर्मा व रीगा विधायक अमित कुमार टुन्ना भी भगवान बोधायन का दर्शन करने को अपने को रोक नहीं पाये. मंदिर प्रबंधन की ओर से दोनों जनप्रतिनिधियों को पाग व शॉल ओढ़ा कर सम्मानित किया गया.
सांसद श्री शर्मा ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि वे अपने कोटा से मंदिर से लेकर दार्शनिक वासुदेवाचार्य के घर तक सड़क का पीसीसी करायेंगे. साथ ही भगवान बोधायन द्वार का भी निर्माण कराया जायेगा.
सांसद मद से यह काम संभव नहीं होने के बावजूद वे द्वार के निर्माण में हर संभव मदद करेंगे. बाजपट्टी बीडीओ ओमप्रकाश व सीओ शशि रंजन यादव भी मौके पर पहुंच भगवान बोधायन का दर्शन के साथ ही पूरे मंदिर परिसर का जायजा लिये.
विधायक श्री टुन्ना ने कहा कि वे मंदिर व गांव के विकास के लिए जिला प्रशासन से बात करने के साथ ही विधानसभा में मामला उठायेंगे.
रात्रि में सीताराम विवाहोत्सव
जन्मदिन के समापन के पर रात्रि में सीता-राम विवाहोत्सव का कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. बता दें कि मंदिर परिसर में तीन
दिनों से चल रहे हर कार्यक्रम में मुठिया बाबा शामिल रहे हैं. चित्रगुप्त, अयोध्या समेत अन्य स्थानों से संत व साधु भगवान बोधायन के
जन्मदिन के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचे थे. आचार्य सुनील झा ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच हवन कराया.
