NCC Camp: नगर पंचायत स्थित मॉडल स्कूल सरयू उच्च विद्यालय परिसर में शनिवार से 10 दिवसीय संयुक्त एनसीसी प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ हुआ. दो बिहार बटालियन एनसीसी, मुजफ्फरपुर के तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में बिहार के विभिन्न जिलों से 350 छात्र और 250 छात्राएं हिस्सा ले रही हैं.
आधार सत्यापन के बाद हुआ कैडेट्स का पंजीकरण
शिविर का संचालन कैंप कमांडेंट कर्नल रजत शर्मा एवं डिप्टी कैंप कमांडेंट कर्नल विक्रम अजीत सिंह के नेतृत्व में किया जा रहा है. कैंप परिसर पहुंचने पर सभी कैडेट्स का आधार कार्ड सत्यापन कर पंजीकरण किया गया. देर शाम तक विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों से कैडेट्स के आने का सिलसिला जारी रहा.
भोजन, चिकित्सा और सुरक्षा की विशेष व्यवस्था
शिविर में कैडेट्स को आगमन के बाद पेयजल, नाश्ता और रिफ्रेशमेंट उपलब्ध कराया गया. कैंप परिसर में बिजली, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता और चिकित्सा सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. वहीं सुरक्षा व्यवस्था के लिए गार्ड्स रूम में तैनात टीम बाहरी लोगों की गतिविधियों पर नजर रख रही है.
अनुशासन और राष्ट्रसेवा का मिलेगा प्रशिक्षण
प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न अधिकारी और प्रशिक्षक कैडेट्स को सैन्य अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण देंगे. शिविर के दौरान सीएटीसी-7 कैंप के साथ आईजीजीबीसी कैंप का भी संचालन किया जा रहा है.
यह भी पढ़ें: रीगा चीनी मिल क्षेत्र में गन्ना उत्पादन बढ़ाने का अभियान, 30 लाख क्विंटल उत्पादन पर किसानों को 120 करोड़ का लाभ
