सीतामढ़ी : मेहसौल ओपी क्षेत्र के सरकारी बस स्टैंड के पास गुरुवार की रात चाकू मारकर एक युवक को घायल कर दिया गया. घायल की पहचान स्थानीय वार्ड नंबर 24 निवासी रणधीर कापड़ के रूप में की गयी है.
पीड़ित युवक ने सदर अस्पताल में मेहसौल ओपी पुलिस को अपने बयान में बताया है कि सुप्पी थाना क्षेत्र के गमहरीया निवासी ललित सिंह के पुत्र उज्जवल कुमार अक्सर उसे रंगदारी में हर माह 40 हजार रुपये की मांग करता है. वह उसे अधिक रुपया कमाने की बात कहकर तंग करता रहता है. घटना की रात तकरीबन 9.30 बजे वह रेलवे स्टेशन से सरकारी बस स्टैंड के रास्ता से शहर में सीओ गली स्थित अपने घर जा रहा था.
इसी दौरान रास्ते में उसे रोककर उज्जवल उससे रंगदारी के रूप में 40 हजार रुपये मांगने लगा. इंकार करने पर उसे चाकू मारकर घायल कर दिया गया. दर्द से चीखने पर गश्ती में तैनात जीआरपी पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर आरोपित को गिरफ्तार कर मेहसौल ओपी पुलिस के हवाले कर दिया. मेहसौल ओपी प्रभारी मो रजा अहमद ने कहा कि मामला दर्ज कर आरोपित को न्यायिक हिरासत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है.
