सुरसंड : स्थानीय एसएसबी कैंप इंचार्ज दिनेश कुमार चौधरी के निर्देश पर 51वीं बटालियन के जवानों ने गुरुवार को कैंप के मुख्य द्वार के समीप से नेपाल से तस्करी कर लाये जा रहे 30 बोतल नेपाली शराब के साथ एक बाइक सवार युवक को गिरफ्तार किया है. जिसकी पहचान थाना क्षेत्र के कोआड़ी गांव निवासी सुकदेव सहनी के पुत्र संजीव सहनी के रूप में हुई है.
कैंप इंचार्ज श्री चौधरी ने बताया कि नाकेबंदी कर चलायी गयी तलाशी अभियान में बीआर 30ए 1252 नंबर की बाइक सवार के पास से 30 बोतल नेपाली शराब बरामद हुआ है. जब्त शराब व बाइक के साथ गिरफ्तार तस्कर को सीतामढ़ी उत्पाद विभाग के हवाले कर दिया गया है. इस अभियान में जवान जाधव नरेंद्र मधुकर व अजय कुमार शामिल थे.
तस्कर गिरफ्तार : बैरगनिया. स्थानीय थाने की पुलिस ने 50 बोतल शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार तस्कर की पहचान बैरगनिया नगर पंचायत वार्ड नंबर-14 पटेल टोला निवासी स्व विनोद सिंह के पुत्र चंदन पटेल के रूप में की गयी है. थानाध्यक्ष गौरीशंकर बैठा ने बताया कि दारोगा फसीउर रहमान के नेतृत्व में गश्ती पर गये सशस्त्र बलों ने उक्त युवक को पटेल टोला में बोरे में रखे 300 एमएल के नेपाल निर्मित देसी शराब रिलेक्स की 50 बोतलों के साथ गिरफ्तार किया गया.
145 लीटर शराब के साथ धंधेबाज गिरफ्तार : सुप्पी. स्थानीय पुलिस ने थाना क्षेत्र के नरहा कुर्मी टोला में छापेमारी कर 600 बोतल हरियाणा निर्मित शराब के साथ एक धंधेबाज को गिरफ्तार किया है. धंधेबाज की पहचान नरहा गांव निवासी रंजीत राय पटेल के रूप हुई है, जिसकी पुष्टि थाना प्रभारी सबोध कुमार ने करते हुए कहा कि गिरफ्तार युवक के निशानदेही पर दो अन्य तस्कर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है. वहीं उक्त गिरफ्तार युवक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
