शेखपुरा. जिले के अरियरी प्रखंड अंतर्गत महुली थाना क्षेत्र के चोढ़दरगाह गांव में पुलिस ने छापामारी कर फरार दो महिला शराब कारोबारियों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार महिलाओं में चोढ़दरगाह गांव निवासी फेंकन चौधरी की पत्नी बिंदु देवी और इसी गांव के निवासी चप्पल चौधरी की पत्नी बत्सवा देवी शामिल हैं. छापामारी का नेतृत्व महुली थानाध्यक्ष राम प्रवेश भारती ने किया.
शराब बरामदगी के बाद फरार हो गयी थी बिंदु देवी
थानाध्यक्ष ने बताया कि 23 जुलाई को पुलिस ने छापामारी के दौरान बिंदु देवी के घर से बड़ी मात्रा में शराब बरामद की थी. हालांकि, वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गयी थी. इसके बाद उसके विरुद्ध स्थानीय थाने में फरारी का मुकदमा दर्ज किया गया था.
छापामारी के दौरान बत्सवा देवी भी भाग निकली थी
थानाध्यक्ष के अनुसार, सोमवार को बत्सवा देवी के घर पर छापामारी की गयी थी. इस दौरान उसके घर से बड़ी मात्रा में निर्मित और अर्धनिर्मित शराब बरामद हुई थी. हालांकि, छापामारी के दौरान पुलिस टीम को देखकर वह भी मौके से फरार हो गयी थी. थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना के महज 15 घंटे बाद बत्सवा देवी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया.
लंबे समय से शराब कारोबार का आरोप
थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार दोनों फरार महिला शराब कारोबारी इलाके की शातिर कारोबारी हैं. पुलिस के अनुसार, दोनों लंबे समय से शराब निर्माण करने और उसकी बिक्री करने का कार्य कर रही थीं. दोनों गिरफ्तार महिलाओं को पुलिस निगरानी में जेल भेज दिया गया.
