Sheikhpura Monsoon Rainfall : मानसून के लगभग रूठ जाने के कारण जिला पूरी तरह सुखाड़ की गोद में जाता दिख रहा है. पिछले दो-तीन दिनों से सवेरे से लेकर शाम तक दिन भर चमचमाती सूर्य के ताप के कारण जिला वासियों को भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है.
जिले का अधिकतम तापमान गुरुवार को 36 डिग्री सेंटीग्रेड को पार करते हुए 36.02 डिग्री सेंटीग्रेड दर्ज किया गया, जबकि सवेरे में यह तापमान 28.8 डिग्री सेंटीग्रेड दर्ज किया गया था. इस दौरान बारिश की एक भी बूंद जिले के किसी भी क्षेत्र में देखने को नहीं मिली.
उमस भरी गर्मी से जनजीवन प्रभावित
बारिश के अभाव में तापमान के बढ़ने के कारण जहां लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है, वहीं उमस भरी गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है. पंखा और एसी से दूर हटते ही लोगों के कपड़े पसीने से भीग जा रहे हैं. लोगों के शरीर पर उमस भरी गर्मी के कारण घमौरियों का साम्राज्य देखने को मिल रहा है.
फसलों की स्थिति और किसानों की चिंता
दूसरी ओर, काफी मेहनत से खेतों में लगाए गए धान के फसल भी मुरझाने लगे हैं. धान के खेतों में बड़े-बड़े दरार देखने को मिल रहे हैं. इन दरार को देखकर किसानों के कलेजे मुंह को आ रहे हैं. किसान बेसब्री से आसमान की ओर टकटकी लगाए हुए हैं.
विभिन्न महीनों में हुई वर्षा का आंकड़ा
बताया गया कि बारिश के मौसम की शुरुआत के साथ ही यहां मानसून दगा दे रहा है. जून माह में जहां यहां केवल 49 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, वहीं जुलाई माह में कुछ ज्यादा 191 मिलीमीटर बारिश की गई. लेकिन सबसे ज्यादा बारिश के मौसम अगस्त में अभी तक 100 मिलीमीटर बारिश भी देखने को नहीं मिली है.
प्रशासन द्वारा वैकल्पिक कृषि अपनाने का निर्देश
बारिश के अभाव में जिला प्रशासन द्वारा कृषि विभाग को वैकल्पिक कृषि अपनाने के लिए किसानों को जागरूक करने के प्रयास शुरू करने का निर्देश दिया गया है.
