शेखपुरा जिला मुख्यालय स्थित पीएमश्री जवाहर नवोदय की छात्राओं ने शुक्रवार को रक्षाबंधन का पवित्र त्योहार पुलिस के साथ मनाया. बड़ी संख्या में छात्राओं ने एसपी हिमांशु, एएसपी राकेश कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवानों को रक्षा सूत्र बांधते हुए उनसे सुरक्षा का आश्वासन प्राप्त किया.
नवोदय विद्यालय पहुंचे एएसपी, छात्राओं ने कलाई पर बांधी राखी
इस संबंध में जानकारी देते हुए प्राचार्य विनय कुमार ने बताया कि एएसपी राकेश कुमार रक्षाबंधन के अवसर पर जवाहर नवोदय विद्यालय पहुंचे.
वहां विद्यालय प्रबंधन की ओर से उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया और बालिकाओं ने उनकी कलाई पर राखी बांधी. उनके साथ बड़ी संख्या में अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान भी जवाहर नवोदय विद्यालय पहुंचे थे.
पुलिस लाइन पहुंचीं छात्राएं, अधिकारियों और जवानों को बांधा रक्षा सूत्र
इसके बाद एएसपी ने प्राचार्य से आग्रह कर सभी छात्राओं को अपने साथ पुलिस लाइन लेकर गए. वहां बड़ी संख्या में मौजूद सभी डीएसपी, पुलिस निरीक्षकों, थानाध्यक्षों और पुलिस जवानों को बालिकाओं ने उनकी कलाइयों पर रक्षा सूत्र बांधा. इस अवसर पर पूरा माहौल भावुकता पूर्ण बन गया.
एसपी हिमांशु ने दिया सुरक्षा का भरोसा, पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने की दी सलाह
एसपी हिमांशु ने बालिकाओं को पूरी तरह रक्षा का आश्वासन देते हुए उन्हें अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने को कहा.
Also Read : शेखपुरा : फोन कर गांव बुलाया, फिर 10-15 लोगों ने फाइनेंस बैंक के CEO को पीटा; 25 हजार और सोने का लॉकेट छीना
उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा पुलिस के माध्यम से उन सभी छात्राओं के स्कूल जाने और आने की सुरक्षा को लेकर पुलिस दीदी दस्ता का गठन किया गया है. उनके पठन-पाठन के मार्ग में कोई भी उचक्का और असामाजिक तत्व बाधा नहीं डाल सकता है; पुलिस उनकी मदद के लिए सदैव तत्पर है.
शिक्षण संस्थानों की निगरानी के लिए पुलिस दीदी को मिले स्कूटर
एसपी ने बताया कि हाल ही में सरकार द्वारा शिक्षण संस्थानों की लगातार निगरानी के लिए पुलिस दीदी को स्कूटर भी उपलब्ध कराया गया है.
