Moving Bike Fire: बाइपास रोड स्थित मेंहुस मोड़ के पास सोमवार को चलती बाइक में अचानक आग लग जाने से अफरा-तफरी मच गयी. बाइक पर सवार युवक ने समय रहते बाइक रोककर नीचे कूदकर अपनी जान बचायी. इसके बाद बाइक बीच सड़क पर धू-धूकर जलती रही. घटना को देखने के लिए आसपास के लोगों की भीड़ जुट गयी.
इंजन से निकलने लगीं आग की लपटें
पीड़ित बाइक चालक की पहचान सदर प्रखंड के हथियावां थाना क्षेत्र अंतर्गत गबय गांव निवासी सतीश सिंह के पुत्र विक्की कुमार के रूप में हुई है. विक्की बिजली विभाग में प्राइवेट मिस्त्री के रूप में काम करता है. बताया गया कि करीब छह माह पहले ही उसने शोरूम से नयी बाइक खरीदी थी.
सोमवार को वह बाइक से शेखपुरा मजदूरी करने आ रहा था. इसी दौरान मेंहुस मोड़ के पास अचानक बाइक के इंजन से आग की लपटें निकलने लगीं. स्थिति को भांपते हुए उसने तत्काल बाइक रोक दी और नीचे उतरकर अपनी जान बचायी. इसके कुछ ही देर बाद बाइक आग की लपटों से घिर गयी.
सड़क पर धू-धूकर जलती रही बाइक
बाइक में आग लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. बीच सड़क पर बाइक काफी देर तक जलती रही. घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गये और जलती बाइक को देखते रहे. इससे घटनास्थल पर काफी भीड़ जमा हो गयी.
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बाइक के इंजन में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगने की बात सामने आ रही है. हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
इसे भी पढ़ें: Watch Video: 8 कमरों का घर, फिर भी छत पर जिंदगी! पटना में बाढ़ की भयावह तस्वीर, जानिए Ground Reality
