DM visit girls school: जिलाधिकारी शेखर आनंद ने मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग पोर्टल पर छात्र-छात्राओं की समस्याओं का अवलोकन करते हुए उनके समाधान के निर्देश दिये. इसी क्रम में जिलाधिकारी अरियरी प्रखंड क्षेत्र के बेलछी गांव स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय पहुंचे. उन्होंने छात्राओं से विद्यार्थी सहयोग पोर्टल खुलवाकर उस पर आने वाली समस्याओं, शिकायतों और सुझावों का अवलोकन किया.
छात्राओं को पोर्टल पर शिकायत दर्ज करने की दी जानकारी
जिलाधिकारी ने छात्राओं के शिक्षक की भूमिका निभाते हुए उन्हें विद्यार्थी सहयोग पोर्टल पर समस्या, सुझाव और शिकायत दर्ज करने की तकनीकी जानकारी दी. उन्होंने छात्राओं को पोर्टल के माध्यम से अपनी समस्याओं को संबंधित स्तर तक पहुंचाने के तरीके के बारे में बताया.
इस दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं से राष्ट्रगान और राष्ट्रीय गीत आदि के बारे में जानकारी ली. उन्होंने छात्राओं से 28 और 29 का पहाड़ा भी सुना.
पुलिस और आइएएस बनने की छात्राओं ने जतायी इच्छा
जिलाधिकारी ने छात्राओं से भविष्य में करियर चुनने को लेकर भी सवाल किया. बड़ी संख्या में छात्राओं ने पुलिस और आइएएस बनने की इच्छा जिलाधिकारी के समक्ष जतायी. वहीं, कई छात्राओं ने डॉक्टर और शिक्षक बनने की कामना भी व्यक्त की.
जीवन के लक्ष्य के बारे में जिलाधिकारी के सवाल पर छात्राओं ने सीधे-सीधे मुखिया बनने से इनकार कर दिया.
छात्राओं ने विद्यालय की समस्याओं से कराया अवगत
छात्राओं ने जिलाधिकारी को विद्यालय की समस्याओं से भी अवगत कराया. उन्होंने विद्यालय में कंप्यूटर की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ नृत्य शिक्षक और संस्कृत शिक्षक की मांग की. छात्रावास में सर्फ की मात्रा बढ़ाने तथा भोजन के मेनू में कुछ बदलाव करने की मांग भी छात्राओं ने रखी.
राज्यपाल और मुख्यमंत्री का नाम भी पूछा
जिलाधिकारी ने छात्राओं से बिहार के राज्यपाल, मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री आदि के नाम भी पूछे. छात्राओं ने इन सवालों के सही-सही जवाब दिये, जिस पर जिलाधिकारी ने उनकी सराहना की.
गर्मजोशी से छात्राओं ने किया स्वागत
अपने बीच जिलाधिकारी को पाकर छात्राएं काफी उत्साहित दिखीं. छात्राओं ने जिलाधिकारी का गर्मजोशी से स्वागत किया. इस दौरान उन्हें विभिन्न प्रकार के उपहार दिये गये और गीत प्रस्तुत कर स्वागत किया गया.
मौके पर शिक्षा विभाग के डीपीओ अभिषेक कुमार भार्गव, विद्यालय के प्रभारी मधुसूदन कुमार आजाद, वार्डन वाजदा तबस्सुम, नवीन कुमार, रूबी कुमारी, गोरे लाल ठाकुर सहित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय और मध्य विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे.
