Bihar DElEd Entrance Exam Topper : मेहनत, लगन और बेहतर मार्गदर्शन के दम पर शेखपुरा जिले के रामज़ानपुर गांव के होनहार छात्र मोहम्मद रिफ़ान आरिश ने जिले का नाम पूरे बिहार में रोशन किया है. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से आयोजित डीएलएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा में रिफ़ान ने 109.2603 अंक प्राप्त कर पूरे बिहार में प्रथम स्थान हासिल किया है.
उनकी इस उपलब्धि से परिवार सहित रामज़ानपुर गांव और पूरे जिले में खुशी का माहौल है. मोहम्मद रिफ़ान आरिश, मोहम्मद गालिब मसूद एवं रिफ़ात अर्शी के पुत्र हैं.
उनके माता-पिता वर्तमान में बेंगलुरु में रहते हैं, जबकि उनका पैतृक निवास शेखपुरा जिले के रामज़ानपुर गांव में है. रिफ़ान ने अपनी पढ़ाई और परीक्षा की तैयारी के लिए बिहारशरीफ में रहकर नियमित रूप से अध्ययन किया और मेहनत के साथ अपनी तैयारी को आगे बढ़ाया.
सफलता का श्रेय, निरंतर मेहनत और चाचा का मार्गदर्शन
रिफ़ान ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के सहयोग, निरंतर मेहनत और बड़े चाचा मास्टर मोहम्मद रागिब के मार्गदर्शन को दिया. मास्टर मोहम्मद रागिब रामज़ानपुर मध्य विद्यालय में शिक्षक हैं.
उन्होंने रिफ़ान को शुरुआती दौर से ही पढ़ाई के प्रति प्रोत्साहित किया और परीक्षा की तैयारी में उचित मार्गदर्शन दिया. रिफ़ान ने बताया कि परीक्षा की तैयारी के दौरान उन्होंने नियमित अध्ययन के साथ यूट्यूब पर उपलब्ध शैक्षणिक वीडियो और अध्ययन सामग्री का भी सहारा लिया.
इससे उन्हें विभिन्न विषयों को बेहतर तरीके से समझने और अपनी तैयारी को मजबूत करने में काफी मदद मिली. उन्होंने लगातार अभ्यास और समय का सही प्रबंधन करते हुए परीक्षा की तैयारी की.
रामज़ानपुर गांव में खुशी की लहर और बधाई संदेश
रिफ़ान की इस उपलब्धि की जानकारी मिलते ही रामज़ानपुर गांव में खुशी की लहर दौड़ गई. ग्रामीणों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता से न केवल गांव, बल्कि पूरे शेखपुरा जिले का मान बढ़ा है.
लोगों ने रिफ़ान के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह आगे भी इसी तरह जिले और राज्य का नाम रोशन करेंगे.
