Sheikhpura Accused Arrest : गुप्त सूचना के आधार पर शेखपुरा जिले की सिरारी थाना पुलिस ने भदौस गांव में छापेमारी कर जानलेवा हमले और चोरी के अलग-अलग पुराने मामलों में फरार चल रहे एक आरोपी नीतीश कुमार को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी वासुकी सिंह का पुत्र बताया गया है.
सिरारी थानाध्यक्ष व सब इंस्पेक्टर के नेतृत्व में हुई छापेमारी
छापेमारी का नेतृत्व सिरारी थानाध्यक्ष जयप्रकाश तिवारी तथा पुलिस सब इंस्पेक्टर निखिल भास्कर ने संयुक्त रूप में की. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके गांव भदौस से दबोच लिया.
आरोपी के खिलाफ पूर्व से दर्ज हैं 9 आपराधिक मामले
इस बाबत थानाध्यक्ष जयप्रकाश तिवारी ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश इलाके का शातिर चोर बताया गया है. सिरारी थाना में इसके विरुद्ध चोरी, मारपीट और जानलेवा हमले जैसे 9 आपराधिक कांड पूर्व से दर्ज हैं.
Also Read : शेखपुरा में राष्ट्रीय खेल दिवस पर खेल प्रतियोगिता, डीएम बोले- पढ़ाई के साथ खेल में भी करें उत्कृष्ट प्रदर्शन
6 वर्षों से चल रहा था फरार, कोर्ट ने जारी किया था लाल वारंट
उन्होंने कहा कि जानलेवा हमले और चोरी के दो अलग-अलग मामलों में यह 6 वर्षों से फरार चल रहा था. इसकी गिरफ्तारी न होने पर स्थानीय कोर्ट ने इसके विरुद्ध स्थाई वारंट यानी लाल वारंट जारी करते हुए भगोड़ा घोषित किया था. यह गिरफ्तारी के भय से अन्यत्र छुपकर रह रहा था.
मेडिकल जांच व कागजी प्रक्रिया के बाद भेजा गया जेल
गिरफ्तारी के बाद आरोपी नीतीश कुमार को पुलिस सब इंस्पेक्टर निखिल भास्कर की निगरानी में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर जेल भेज दिया गया है.
